Kanpur Dehat Accident: शादी से लौट रहे तीन दोस्तों को डंपर ने रौंदा; दो की मौत और एक की हालत नाजुक, जांच शुरू
Kanpur Dehat News: रूरा-शिवली मार्ग पर डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। तीनों दोस्त शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर देहात में रूरा-शिवली मार्ग पर गहलौ के पास रिंद नदी के निकट तीव्र मोड़ पर रविवार रात 12 बजे के करीब बाइक और डंपर की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है।
शिवली थाना क्षेत्र के जुगराजपुर गांव निवासी अनुराग उर्फ कल्लू (32) अपने साथियों रूपेंद्र (30) और सुमित (26) के साथ बाइक से रूरा थाना क्षेत्र के तिगाई गेस्टहाउस में आयोजित दोस्त की बहन के शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बाइक अनुराग उर्फ कल्लू चला रहा था, जबकि रूपेंद्र और सुमित पीछे बैठे थे।
डंपर और बाइक की टक्कर
बताया गया कि गहलौ में रिंद नदी के पास स्थित तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अनुराग को उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं तीसरा युवक सुमित गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज हैलट अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।