Kanpur: दधिका गांव में लापरवाही की तस्वीर, समय पर नहीं खुलता आंगनबाड़ी केंद्र, सहायिका और कार्यकर्ता नदारद
Kanpur News: विकास खंड बिल्हौर के दधिका गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ताले में बंद मिला। केंद्र पर कोई भी कार्यकर्ता या सहायिका मौजूद नहीं थी, जिसके चलते छोटे-छोटे बच्चों को बाहर बैठकर ही पढ़ाई करने और लंबा इंतजार करने को विवश होना पड़ा।
विस्तार
प्रदेश सरकार द्वारा नौनिहालों के शुरुआती शिक्षा और पोषण स्तर को सुधारने के लिए तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं। हालांकि, मैदानी स्तर पर जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही इन व्यवस्थाओं की पोल खोल रही है। ताजा मामला विकास खंड बिल्हौर के दधिका गांव का है।
यहां शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद मिला। सुबह निर्धारित समय पर जब बच्चे शिक्षा ग्रहण करने और अन्य गतिविधियों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, तो मुख्य गेट पर बड़ा ताला लटका हुआ मिला। मौके पर न तो कोई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थीं और न ही कोई सहायिका।
बच्चों और उनके अभिभावकों में रोष
केंद्र न खुलने के कारण मासूम बच्चों को केंद्र के बाहर ही बैठकर अपनी पढ़ाई करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र के समय से न खुलने के कारण आए दिन बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी गतिविधियां प्रभावित होती हैं, जिससे बच्चों और उनके अभिभावकों में रोष है।