कानपुर: क्राफ्ट्सरूट्स एक्सपो का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल बोलीं- कारीगरों का हुनर आत्मनिर्भर भारत की बड़ी ताकत
Kanpur News: कन्वेंशन सेंटर में आयोजित क्राफ्ट्सरूट्स एक्सपो का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया। राज्यपाल ने कारीगरों के हुनर को आत्मनिर्भर भारत की महत्वपूर्ण ताकत बताते हुए उनके उत्पादों को परिवारों की आजीविका और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।
विस्तार
कानपुर के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित क्राफ्ट्सरूट्स एक्सपो का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्पियों और कारीगरों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों की बारीकी से सराहना की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले हस्तशिल्पी पीढ़ियों से अपनी कला और अनमोल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद केवल सजावटी वस्तुएं नहीं हैं, बल्कि यह अनेक परिवारों की आजीविका, परंपरा और उनके आत्मसम्मान का सीधा जरिया हैं।
आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ हैं पारंपरिक कारीगर
ऐसे में इन हुनरमंदों को उचित बाजार, आधुनिक प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और सामाजिक सम्मान उपलब्ध कराना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने में हमारे पारंपरिक कारीगरों की भूमिका सबसे अहम है।
प्रशासनिक अधिकारी और कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कन्वेंशन सेंटर में लगी इस प्रदर्शनी के माध्यम से कानपुर के कला प्रेमियों को देश के कोने-कोने की उत्कृष्ट हस्तकलाओं को नजदीक से देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।