Kanpur Conversion Case: ईसाई धर्म अपनाने के लिए बरगलाया, कहा- धर्मांतरण से बीमारियां होंगी दूर, रिपोर्ट दर्ज
रावतपुर की थारू बस्ती में आयोजित धार्मिक सभा का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें ईसाई धर्म अपनाने के लिए बरगलाया गया था। इसमें धर्मांतरण से बीमारियां दूर होने का प्रलोभन दिया जा रहा है।
विस्तार
कानपुर में रावतपुर स्थित थारू बस्ती में ईसाई धर्म अपनाने के लिए बरगलाने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें धर्मांतरण से गंभीर बीमारियां दूर होने का प्रलोभन दिया जा रहा है। पुलिस की जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को रावतपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
आरोपियों की तलाश की जा रही है। बीते 14 मार्च को सोशल मीडिया पर बस्ती का वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक पादरी लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के फायदे गिना रहा है। बस्ती के लोगों को बताया गया कि अगर उन्होंने ईसाई धर्म अपना लिया, तो उन्हें जानलेवा बीमारियां नहीं होंगी।
वीडियो को पुलिस के आलाधिकारियों ने संज्ञान लिया। जांच में पता चला वीडियो रावतपुर की थारू बस्ती का था, जहां पंजाब से आए एक पादरी ने स्थानीय लोगों की मदद से धार्मिक सभा आयोजित की। देर रात सभा का आयोजन हुआ और लोगों को धर्मांतरण के बरगलाने का काम किया गया।
पंजाब से भी जुड़ रहे हैं तार
मामले की जांच हल्का इंचार्ज विकास कुमार गुप्ता को सौंपी गई थी। उनकी जांच में पता चला कि बस्ती के नीरज का लिवर और किडनी शराब पीने से एक साल पहले खराब हो चुका है। डॉक्टरी इलाज में कोई लाभ न मिलने पर धार्मिक सभा में विशेष धर्म की पूजा रखी गई थी। धर्मांतरण कराने वालों के तार पंजाब से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं।
ईसाई धर्म मानते, तो यह दिन न देखने पड़ते
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पंजाब से आए शख्स ने लोगों को बताया था कि अगर उन्होंने ईसाई धर्म अपना लिया होता, तो उन्हें बुरे दिन नहीं देखने पड़ते। विशेष धर्म की पूजा करने पर सभी दुख और दरिद्रता दूर होने का प्रलोभन दिया गया था।
रावतपुर थाने में हल्का इंचार्ज की तहरीर पर धर्मांतरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर, कानपुर