UP: पर्यटकों को पहली नजर में लुभाएगा कानपुर सेंट्रल, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होगा विकसित
Kanpur Central Station: देशभर में 24470 करोड़ की लागत से कानपुर समेत 508 स्टेशनों का विकास होगा। देश को पर्यटन चित्र का हब बनाया जाएगा। इसी कड़ी में कानपुर सेंट्रल भी पर्यटकों के लिए विकसित होगा।
विस्तार
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन समेत गोविंदपुरी, अनवरगंज और पनकी धाम रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने का काम रविवार से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को इस योजना का शिलान्यास करेंगे। कानपुर स्टेशन के कार्यक्रम में पीएम मोदी नई दिल्ली से वर्चुअल शिलान्यास करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर कानपुर नगर के सांसद सत्यदेव पचौरी, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले, एडीआरएम प्रयागराज मंडल, डिप्टी सीटीएम कानपुर सेंट्रल और सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने जानकारी दी। इसमें बताया गया कि देश भर के 1309 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाना है।
पहले चरण में 508 स्टेशनों के काम होगा। 794 करोड़ की लागत से पहले चरण में कानपुर सेंट्रल व पनकीधाम का पुनर्विकास होगा। 27 करोड़ से पनकी और 767 करोड़ से कानपुर सेंट्रल व गोविंदपुरी सटेशन विकसित होगा। सांसद सत्यदेव पचौरी ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में दसवें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
कानपुर समेत 508 स्टेशनों का होगा विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने इसको तीसरे स्थान तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसमें रेलवे भी अपनी अहम भूमिका निभाएगा। इसी कड़ी में 24470 करोड़ की लागत से कानपुर समेत 508 स्टेशनों का विकास होगा। देश को पर्यटन चित्र का हब बनाया जाएगा। इसी कड़ी में कानपुर सेंट्रल भी पर्यटकों के लिए विकसित होगा।
यात्रियों और लोगों के लिए होंगी ढेरों सुविधाएं
यहां रेलवे आने जाने के लिए ही नहीं, बल्कि लोग यहां पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में खरीदारी भी कर सकेंगे। लोगों के लिए खाना-पीना भी होगा। साथ ही कमर्शियल एक्टिविटी के लिए यहां पर बैठने की अलग व्यवस्था, गार्डेन व कांफ्रेंस हॉल भी होगा। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा।