Kanpur Accident: कारोबारी की बेटी-दामाद को कार ने रौंदा, स्कूटी से घूमने पहुंचे थे दंपती, अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित मोतीझील में शुक्रवार देर रात स्कूटी से घूमने आए रेडीमेड कारोबारी की बेटी शिफा और दामाद मो. समद को एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
कानपुर के मोतीझील में शुक्रवार देर रात घूमने आए रेडीमेड कारोबारी की बेटी और दामाद को बेकाबू कार टक्कर मारते हुए भाग निकली। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। मोतीझील में घूमने आए परिवारों और बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल राहगीरों ने घायल दंपती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित मोतीझील में शुक्रवार देर रात अंसार मोहल्ला निवासी रेडीमेड कारोबारी मो. हसीब की बेटी शिफा (25) और उनके दामाद मो. समद (27) स्कूटी से घूमने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने कारगिल पार्क के गेट के पास स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर घिसटते चले गए और सिर फट गया और हाथ-पैर पर चोटें आईं।
कार चालक वाहन को लहराते हुए चला रहा था
गंभीर रूप से घायल दंपती को वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत स्वरूपनगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया और परिजन को सूचना दी। पीड़ित के पिता मो. हसीब ने तत्काल पुलिस को हादसे की जानकारी देकर तहरीर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक वाहन को लहराते हुए चला रहा था। लोगों ने चालक नशे में कार चलाने की आशंका जताई। कार में एक युवती के भी बैठे होने की चर्चा रही।
रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी
हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। हादसे के समय मोतीझील में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार व बच्चों के साथ मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार की रफ्तार पर नियंत्रण न होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन और चालक की पहचान कर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।