यूपी: कोट-जूते पहनकर निकली थी, जब शव मिला तो कपड़े दूसरे, गैरबिरादरी के युवक पर आरोप, बाॅक्सिंग प्लेयर डेथ केस
Kanpur News: कानपुर की राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर मंतशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसका शव महाराजपुर हाईवे के पास मिला। परिजनों ने गैरबिरादरी के युवक पर प्रताड़ित करने और कपड़े बदलकर शव फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
विस्तार
कानपुर में जिस वक्त महाराजपुर के महोली कोल्ड स्टोरेज के पास मंतशा का शव हाईवे किनारे मिला तब शरीर पर हरा टॉप व काला लोवर मिला। वहीं, मंतशा की बहन खुशबू ने बताया कि घर से मंतशा काली जींस, जूते और काले-सफेद रंग का कोट पहन कर निकली थी। इससे साफ है कि मंतशा ने अपने कपड़े बदले। वह जूते पहनकर घर से निकली थी और शव के पास से चप्पल तक नहीं मिलीं।
इसके बावजूद पैरों में जरा सी भी मिट्टी नहीं लगी थी। इससे यह भी साफ है कि उसके शव को कार से लाकर हाईवे पर फेंका गया। सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक का घर चकेरी क्षेत्र में है। घर से निकलने के बाद मंतशा और युवक की चकेरी में ही कहीं मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि गैरबिरादरी का होने की वजह से युवक शादी के लिए तैयार नहीं था।
शव को हाईवे किनारे फेंककर भाग निकला
इसे लेकर मंतशा ने जहर निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर मलकीत उसे किसी अस्पताल ले जाने के बजाय कार में डालकर हाईवे की ओर निकल पड़ा। महाराजपुर पहुंचते-पहुंचते जब मंतशा की मौत हो गई, तो शव को हाईवे किनारे फेंककर भाग निकला। पुलिस सूत्राें के अनुसार युवक अमृतसर भागा है। शनिवार देर रात एक टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए रवाना कर दी गई।
मैरी कॉम से ली प्रेरणा तो पिता ने भी आगे बढ़ाया
पिता बी प्रमोद ने बताया कि वह खुद कराटे में ब्लैक बेल्ट रहे हैं। बेटी भी शुरू से ही बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम को अपना आदर्श मानती थी। उसकी महत्वाकांक्षा देख उन्होंने भी उसे हमेशा आगे बढ़ाया। उसे बॉक्सिंग का हुनर सीखने के लिए असम भेजा। मंतशा के कोच अभिषेक कुमार सिंह हैं, जो कि डिफेंसकर्मी भी रहे हैं।
घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं
मां संजना ने बताया कि इसी माह की 18 तारीख को उनके भाई की बेटी की शादी है। घर में उसी की तैयारियां चल रही थीं। मंतशा शाम को लालबंगला बाजार से खरीदारी कर लौटने की बात कहकर निकली थी। मां के अनुसार बेटी की खेल कोटे से असम राइफल में नौकरी लगने वाली थी। बहन खुशबू ने बताया कि उनका परिवार मूलरूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग भिलाई का रहने वाला है। कुछ साल पहले वे लोग रेल बाजार कानपुर में किराये पर रहने लगे। इसके बाद इखलाकनगर में रहने लगे।
अब तक इन प्रतियोगिताओं में जीते पदक
- असम अमेचर बॉक्सिंग एसोसिएशन के बैनर तले खेलते हुए 2019 में स्वर्ण पदक जीता था।
- वूमेन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2017 में रजत पदक जीता।
- यूपी अमेचर बॉक्सिंग एसोसिएशन के तहत 2014 में स्वर्ण और 2015 में भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
- ऑल इंडिया इंटर रीजनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भी हिस्सा लिया था।
- ऑल इंडिया इंटर साई बॉक्सिंग टूर्नामेंट में 2015 में स्वर्ण पदक जीता था।
- ऑल असम सब जूनियर एंड जूनियर बॉयज एंड गर्ल्स प्रतियोगिता 2018-19 में रजत पदक हासिल किया।
गलती छिपाने के लिए बाद में दर्ज की अपहरण की रिपोर्ट
गंगाघाट थाने में बृहस्पतिवार की शाम को परिजन बेटी के लापता होने की सूचना देने गए थे। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट शुक्रवार देर रात एक बजे बीएनएस की धारा 140 (3) में अज्ञात पर दर्ज की। इस धारा के मुताबिक किसी का अपहरण कर उसे बंधक बनाना होता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गंगाघाट थाना पुलिस ने अपनी गलती छिपाने के लिए शव मिलने के बाद अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की। इससे पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद में मामले को हत्या में भी तरमीम किया जा सके।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं, विसरा सुरक्षित
शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ हुआ। डॉक्टरों के अनुसार शव पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। विसरा सुरक्षित किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार जहर खाने या खिलाने से मौत हुई है। फिलहाल स्लाइड बनाई गई है और स्वाब, नाखून, बाल, लंग्स, हार्ट आदि को सुरक्षित रखा गया है।
परिजन ने गंगाघाट थाने में सूचना दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत की बात सामने आई है। जांच में एक परिचित युवक से शादी करने को लेकर विवाद के बाद जहर निगलने की बात सामने आ रही है। युवक की तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने पर घटना और उसकी वजह सामने आ जाएगी। -जय प्रकाश सिंह, एसपी, उन्नाव