Kanpur Fire: जूही फैक्टरी में नौ घंटे तक धधकी आग, 12 दमकल ने 72 चक्कर काटे, 3.60 लाख लीटर पानी से बुझी लपटें
Kanpur News: जूही विनोबानगर में बाइक के प्लास्टिक पार्ट्स बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग लगी थी। थिनर के ड्रम फटने और वेंटिलेशन न होने के कारण आग बुझाने में नौ घंटे का समय लगा। दमकल की 12 गाड़ियों ने 3.60 लाख लीटर पानी का उपयोग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
विस्तार
कानपुर में जूही के विनोबानगर में बाइक के प्लास्टिक पार्ट्स बनाने वाली दो मंजिला फैक्टरी में देर रात तक थिनर के ड्रम रह-रहकर फटने से दमकल कर्मी आग को बुझाने में जूझते रहे। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि फैक्टरी में वेंटिलेशन की जगह नहीं थी। आग को बुझाने में साउथ एक्स मॉल से लगातार दमकल गाड़ियां पानी लेती रहीं।
करीब 12 दमकल ने 72 चक्कर लगाकर 3.60 लाख लीटर पानी की बौछार करके करीब नौ घंटे बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। मामले में लापरवाही बरतने पर फैक्टरी मालिक को नोटिस दिया जाएगा। किदवईनगर के ब्लॉक निवासी प्रभात उर्फ सनी की जूही विनोबा नगर राखी मंडी में स्थित बाइक के प्लास्टिक के पार्ट्स बनाने की फैक्टरी में शुक्रवार शाम चार बजे आग लग गई थी।
मालिक को नोटिस देकर मांगा जाएगा जवाब
वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से आग देखते ही देखा पूरी फैक्टरी में फैल गई। कर्मचारी राजू ने बताया था कि उसने अन्य 11 कर्मचारियों के साथ भागकर जान बचाई थी। सीएफओ ने बताया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया था। शनिवार को आग से बिल्डिंग भभकती रही। फैक्टरी में वेंटिलेशन न रखने के कारण मालिक को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा।