बर्रा लूटकांड का खुलासा: तमंचे के बल पर लूट को दिया था अंजाम, मुठभेड़ में शातिर गिरफ्तार, ये सामान हुआ बरामद
Kanpur News: बर्रा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कल दोपहर तमंचे के बल पर एक युवक से बाइक और मोबाइल लूट को अंजाम दिया था।
विस्तार
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर लूटपाट करने वाले शातिर बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। फत्तेपुर चौराहे के पास हुई इस फायरिंग में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाश के पास से 24 घंटे पहले लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और असलहा बरामद हुआ है।
बता दें कि लूट की वारदात 16 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई थी। मोहित निषाद बर्रा बाईपास स्थित सिंह ढाबे के सामने से गुजर रहे थे। तभी दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने मारपीट कर मोहित की पल्सर बाइक, मोबाइल और 5000 रुपये नकद लूट लिए थे।
संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया
पीड़ित के भाई रोहित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) योगेश कुमार ने बताया कि बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस टीम शुक्रवार रात करीब 1:45 बजे फत्तेपुर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुन्ना खान निवासी परमपूर्वा, थाना जूही के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल, 1200 रुपये नकद और एक अदद तमंचा (.315 बोर), दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।