Kanpur: तेज रफ्तार ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश, चालक ने ट्रैफिक कर्मी को रौंदने का किया प्रयास, रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: राहगीरों ने बताया कि कर्रही की ओर से सीवर टैंकर ला रहा ट्रैक्टर चालक बेहद तेज और खतरनाक तरह से चल रहा है। उन्होंने और टीएसआई विजय नारायण सिंह ने चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका बल्कि उनपर चढ़ाने का प्रयास किया।
विस्तार
कानपुर में बर्रा बाईपास पर रविवार दोपहर रोकने की कोशिश कर रहे ट्रैफिक हेड कांस्टेबल पर चालक ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। बचने के दौरान टक्कर लगने से कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मौके से भाग निकले चालक को पुलिस ने करीब एक किमी दूर पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
बर्रा थानाक्षेत्र के वैदेही विहार निवासी राघवेंद्र सिंह यातायात विभाग में हेड कांस्टेबल हैं। पिछले पांच दिनों से उनकी ड्यूटी बर्रा बाईपास पर लगी थी। रविवार दोपहर 1:30 बजे चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी राहगीरों ने बताया कि कर्रही की ओर से सीवर टैंकर ला रहा ट्रैक्टर चालक बेहद तेज और खतरनाक तरह से चल रहा है।
चालक को राहगीरों और टीएसआई ने पकड़ लिया
उन्होंने और टीएसआई विजय नारायण सिंह ने चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका बल्कि उनपर चढ़ाने का प्रयास किया। बचने की कोशिश में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से भाग रहे ट्रैक्टर चालक को राहगीरों और टीएसआई ने राम जानकी मंदिर के पास पकड़ लिया। उधर, घटना में घायल हेड कांस्टेबल को साकेतनगर स्थित निजी हॉस्पिटल ले जाया गया।
हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
यहां हालत गंभीर देखकर उसे हैलट रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे सर्वोदयनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सीटी स्कैन में सात पसलियां टूटने की बात सामने आई है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पकड़ा गया चालक कुआं खेड़ा सजेती निवासी अरमान खान उर्फ सलमान खान है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रैक्टर को भी कब्जे में लिया गया है।
किशोरी से छेड़खानी का आरोपी भी है चालक
आरोपी ट्रैक्टर चालक पर पहले से तीन मामले दर्ज हैं। वह चार साल पहले बर्रा थानाक्षेत्र की ही एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर चुका है। विरोध पर उसने किशोरी के परिजनों को साथियों संग मिलकर मारापीटा और धमकाया था। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में जालसाजी की भी रिपोर्ट दर्ज है।