Kanpur: प्रशासन की टीम पर दबंगों का हमला, पथराव कर बंधक बनाया...जमकर पीटा, अवैध कब्जे ढहाने पहुंचे थे सदस्य
Kanpur Crime: सचेंडी थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य हमलावरों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे हटाने पहुंची प्रशासन की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। टीम पर पथराव कर बंधक बना लिया और मारपीट की। सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस किसी तरह टीम के सदस्यों को छुड़ाकर लाई। एसडीएम के आदेश पर लेखपाल ने पूर्व प्रधान समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सुरार गांव के वर्तमान प्रधान पंकज यादव ने ग्राम समाज की जमीन पर पूर्व प्रधान पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की थी। लेखपाल वीर बली ने बताया कि तीन दिन पहले एसडीएम अभिनव गोपाल, नायब तहसीलदार प्रियांक सिंह गांव पहुंचे। नायब तहसीलदार को अतिक्रमण ढहाने व मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
सोमवार को नायब तहसीलदार प्रियांक सिंह के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। जेसीबी ने अतिक्रमण ढहाना शुरू ही किया था कि तभी पूर्व प्रधान रामकरण यादव बेटे व साथियों के साथ पहुंचे और टीम पर हमला कर दिया। कानूनगो राजेश गौतम, लेखपाल वीर बली, दया शंकर पांडे, रवि प्रकाश सहित टीम से हाथापाई कर बंधक बना लिया।
तीन लोगों को हिरासत में लिया
पथराव कर दो गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। इस बीच गांव में हंगामे की सूचना पुलिस को मिली, जिस पर पुलिस ने बमुश्किल टीम के सदस्यों को गांव से बाहर निकाला। सचेंडी थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य हमलावरों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की जाएगी।