कानपुर: चोरी का आरोप और जेल की धमकी, खौफ में किशोर ने फंदा लगाकर दी जान, पेड़ से लटका मिला शव, जांच शुरू
Kanpur News: सजेती थाना क्षेत्र में बर्रा निवासी 12 वर्षीय किशोर का शव मंगलवार देर रात जंगल में पेड़ से लटकता मिला। परिजनों का आरोप है कि लोडर की स्टेपनी चोरी के शक में लोडर मालिक ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिवा को पकड़कर पीटा और पुलिस से जेल भिजवाने की धमकी दी थी।
विस्तार
कानपुर में स्टेपनी चोरी के आरोप में मारपीट और जेल भेजने की धमकी से डरे शिवा (12) का शव मंगलवार देर रात सजेती थाना क्षेत्र के जंगल में पेड़ से लटका मिला। आरोप है कि सोमवार को लोडर की स्टेपनी निकालकर कबाड़ी को बेचने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोडर मालिक ने उसे पकड़कर पीटा और जेल भेजने की धमकी दी थी। इसके बाद किशोर बड़ी बहन के घर जाने की बात कहकर निकल गया था। मां और बहन के कई बार फोन करने के बावजूद वह घर लौटने को तैयार नहीं हुआ।
घर से करीब 10 किलोमीटर दूर शव मिलने से परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजन ने लोडर मालिक पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया है। बर्रा के कर्रही निवासी शिवा अपनी मां लक्ष्मी देवी और भाई राज के साथ रहता था। उसकी मां मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती हैं। शिवा की बड़ी बहन अनीता सजेती क्षेत्र में रहती हैं। अनीता के मुताबिक, सोमवार को शिवा एक अन्य किशोर के साथ ठाकुर चौराहे के पास खड़े लोडर की स्टेपनी निकालने में शामिल था। दोनों ने स्टेपनी कबाड़ी को बेच दी थी।
वह घर लौट आए, उसे कोई कुछ नहीं कहेगा
चोरी की जानकारी होने पर लोडर मालिक ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों किशोर दिखाई दिए। आरोप है कि लोडर मालिक ने पहले दूसरे किशोर को पकड़ा। पूछताछ में शिवा का नाम सामने आने पर उसे भी पकड़ लिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और जेल भेजने की धमकी दी गई। परिजन के मुताबिक, शिवा बड़ी बहन अनीता के घर जाने की बात कहकर निकला था। उसके साथ रहने वाली बहन किरण ने उसे समझाया कि वह घर लौट आए, उसे कोई कुछ नहीं कहेगा।
जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
मां लक्ष्मी देवी ने भी कई बार फोन कर उसे वापस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं हुआ। परिजन को उम्मीद थी कि वह बहन के घर पहुंच गया होगा, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। मंगलवार रात करीब आठ बजे जंगल की ओर से गुजर रहे राहगीरों ने पेड़ से लटकता किशोर का शव देखा और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि किशोर बर्रा के कर्रही में लोडर की स्टेपनी चोरी की घटना में शामिल था। इसके बाद वह अपनी बहन के घर जाने के लिए निकला था। मंगलवार रात जंगल में उसका शव मिला। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।