Kanpur Accident: लापरवाही से बैक किया ट्रक, दो गाड़ियों के बीच दबकर ठेकेदार की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: कर्मचारी शेर बहादुर ने बताया कि गाड़ी से माल अनलोड करते वक्त एक और ट्रक आगे की तरफ खड़ा था। उसके चालक ने बिना देखे लापरवाही से गाड़ी बैक की। जब तक वो लोग कुछ समझ पाते जोखन दोनों गाड़ियों के बीच में दब गए।
विस्तार
कानपुर में बाबूपुरवा थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्टनगर में माल अनलोड करते समय हुई लापरवाही के चलते एक ठेकेदार दो वाहनों के बीच में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां काम कर रहे कर्मचारी आनन-फानन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट ले जाते वक्त रास्ते में ठेकेदार की मौत हो गई।
मूलरूप से सुल्तानपुर के थाना जयसिंहपुर के हालापुर निवासी जोखन (50) दी इंडिया रोडवेज ट्रांसपोर्ट कंपनी में ठेकेदारी था। जोखन के परिवार में सात बच्चे हैं, जिसमें पांच बेटे और दो बेटियां हैं। उसके दो बेटे कानपुर में रहकर हेल्पर का काम करते हैं। बेटे महेश ने बताया कि मंगलवार को ट्रांसपोर्टनगर में कंपनी के लिए माल से लदी गाड़ी को अनलोड करने का काम करा रहे थे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कर्मचारी शेर बहादुर ने बताया कि गाड़ी से माल अनलोड करते वक्त एक और ट्रक आगे की तरफ खड़ा था। उसके चालक ने बिना देखे लापरवाही से गाड़ी बैक की। जब तक वो लोग कुछ समझ पाते जोखन दोनों गाड़ियों के बीच में दब गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार शव लेकर गृह जनपद रवाना हो गया। बाबूपुरवा थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।