UP: मासूमियत पर भारी पड़ा कड़वा अपमान, ‘चोर-चोर’ कहकर चिढ़ाने से आहत छात्रा ने दी जान, जानें क्या है मामला
Kanpur News: गुजैनी में किरायेदार के घर से गलती से सामान लाने पर 12 वर्षीय बच्ची को चोर कहकर प्रताड़ित किया गया। इस अपमान से आहत होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर में गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी इलाके में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। ज्वेलरी और मेकअप बॉक्स किरायेदार के घर से चुराने के बाद कथित तौर पर ‘चोर-चोर’ कहकर चिढ़ाए जाने से आहत 12 वर्षीय बच्ची का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेन पश्चिम पारा के कठोंगर गांव निवासी किसान संदीप मिश्रा की बेटी दिव्यांशी मिश्रा (12) पिछले एक वर्ष से अपनी मां माधुरी के साथ गुजैनी में रह रही थी। मां के अनुसार उनके मकान में रहने वाले एक किरायेदार के घर से दिव्यांशी खेल-खेल में ज्वेलरी और मेकअप बॉक्स अपने घर चुरा लाई। शनिवार सुबह किरायेदार ने बच्ची पर चोरी का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत की।
मानसिक रूप से काफी परेशान थी बच्ची
इस पर मां ने दिव्यांशी को डांटा तो उसने बताया कि वह खेल-खेल में सामान ले लाई थी। आरोप है कि इसके बाद किरायेदार और उसके परिजन लगातार उसे "चोर-चोर" कहकर चिढ़ाने लगे। इससे बच्ची मानसिक रूप से काफी परेशान और गुमसुम हो गई। माधुरी ने बताया कि उन्होंने बेटी को समझाने का प्रयास किया और ड्यूटी पर चली गईं। हालांकि दोपहर बाद उनका मन घबराने लगा, तो वह करीब चार बजे घर पहुंचीं।
साड़ी के फंदे से लटका हुआ था शव
घर का दरवाजा खुला था और कमरे के अंदर दिव्यांशी का शव साड़ी के फंदे से पंखे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। गोविंद नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गोविंद नगर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।