Jalaun Accident: बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत और दो घायल, अधिकारी मौके पर पहुंचे
उरई-कोंच रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए हैं।
विस्तार
जालौन जिले में उरई-कोंच रोड पर कोतवाली क्षेत्र के बरौदा मोड़ पर दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शाम लगभग पौने सात बजे हुई। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे, जिससे दोनों की घटना स्थल पर मौत हो गई। मध्यप्रदेश के जिला ग्वालियर के बेहट निवासी शंकर (20) और वीरू (48) बाइक पर सवार होकर रविवार की शाम उरई में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के कौशलपुर निवासी विमलेश (24) और रूपेश राजपूत (22) बाइक से उरई से लौटकर गांव कौशलपुर जा रहे थे। शाम करीब पौने सात बजे दोनों बाइकें कोंच उरई रोड पर कोतवाली क्षेत्र के गांव बरोदा मोड़ पर आमने सामने टकरा गईं।
दोनों बाइक के चालकों की हुई मौत
इससे बाइक चालक वीरू और विमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने बताया कि मरने वाले दोनों युवक बाइक चला रहे थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीचसी पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर सीओ शैलेंद्र कुमार वाजपेयी, कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए व परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।