Kanpur: अतीक हत्याकांड के बाद कड़ी सुरक्षा में लाए गए इरफान, महराजगंज से परिवार की गाड़ी भी चली साथ
सपा विधायक इरफान सोलंकी को जाजमऊ आगजनी मामले में सुनवाई के लिए सोमवार को महाराजगंज जेल से कानपुर कोर्ट लाया गया। अतीक हत्याकांड से सबक लेकर पुलिस ने इरफान की सुरक्षा बढ़ा दी है।
विस्तार
प्रयागराज में हुए अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद पुलिस ने इरफान सोलंकी प्रकरण में भी चौकसी बढ़ा दी है। सोमवार को महराजगंज जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच सपा विधायक इरफान सोलंकी को कोर्ट लाया गया। हर बार से ज्यादा इस बार पुलिस फोर्स रहा। पुलिस की गाड़ियों के पीछे इरफान के परिजनों की भी गाड़ी चलती रही। अतीक के हत्यारे पत्रकार बनकर आए थे, इसलिए इस बार इरफान को पत्रकारों से दूर रखा गया। पुलिस के घेरे के बीच ही वह कोर्ट में दाखिल हुए और वापस चले गए। इरफान की पत्नी ने सीपी से पति और परिवार की सुरक्षा मांगी है।
सपा विधायक को सुबह 10 बजे कानपुर कोर्ट लाया गया। पेशी के दौरान इरफान को जिस जीने से कोर्ट ले जाना था उसके बाहर मेटल डिटेक्टर भी लगवाया गया था। क्यूआरटी के जवान भी तैनात थे। एलआईयू अफसर भी पल-पल की निगरानी कर रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर मीडिया कर्मियों को भी इरफान से दूर रखा।
काही रंग का पठान सूट पहनकर पेशी पर कोर्ट पहुंचे इरफान ने मुस्कराकर लोगों का अभिवादन किया। अतीक हत्याकांड के सवाल पर इरफान मौन रहे। इशारे से कुछ भी कहने से इनकार किया। पेशी से लौटते वक्त शायराना अंदाज में बोले, रात कितनी भी काली क्यों न हो, सवेरा जरूर होता है। पेशी के बाद दोपहर तीन बजे इरफान को महराजगंज जेल भेज दिया गया।
पुलिस सुरक्षा के बीच अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को डर सता रहा है। नसीम ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से मिलकर शौहर और परिवार की सुरक्षा की मांग की। उनका दावा है कि पिछले कुछ दिनों से अज्ञात लोग उनके घर की रेकी भी कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन देने के साथ ही जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। नसीम ने कहा कि पिछले चार माह से उनके पति महाराजगंज जेल में बंद हैं। बच्चे भी बिना सुरक्षा के स्कूल आते आते हैं। पेशी के दौरान अक्सर उन्हें महाराजगंज आना जाना रहता है। ऐसे में कोई अप्रिय घटना न हो जाए। विधायक की पत्नी की बात सुनने के बाद सीपी ने उन्हें सपा विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा का आश्वासन देने के साथ ही जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। नसीम ने बताया कि इरफान की जब भी कोर्ट में पेशी होती है कि पुलिस वैन के साथ परिवार की एक या दो गाड़ियां हमेशा चलतीं हैं। परिवार की गाड़ी सिर्फ विधायक की सुरक्षा के लिए लगाई जाती है।
सपा विधायक की पत्नी पुलिस कमिश्नर से मिलीं थीं। उन्होंने अपने घर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। हालांकि उनके घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। फुटेज की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- आनंद प्रकाश तिवारी, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर