Irfan Solanki Case: विधायक पर दर्ज मुकदमों की विवेचना तेज, गवाहों के दर्ज हुए बयान, कई अपराधी पुलिस की रडार पर
सपा विधायक इरफान सोलंकी पर जाजमऊ और ग्वालटोली में दर्ज मुकदमों की विवेचना तेज हो गई है। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज कराए हैं। साथ ही, फर्जी आधार के मामले में प्रमाणित कॉपियां एकत्रित की जा रही हैं।
विस्तार
सपा विधायक इरफान सोलंकी के मामले में पुलिस ने तफ्तीश को आगे बढ़ाया है। शनिवार को जाजमऊ थाने में दर्ज रंगदारी और जमीन कब्जाने के मामले में पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए। वहीं ग्वालटोली थाने में दर्ज फर्जी आधार कार्ड के मामले में प्रमाणित कॉपियां एकत्रित की गईं, जिसे जल्द ही पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।
अनवरगंज फूलवाली गली निवासी भाजपा कार्यकर्ता अकील अहमद खान ने बीते मंगलवार को विधायक इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान सोलंकी व पार्षद मुरसलीन खां उर्फ भोलू व विधायक के अन्य अज्ञात गुर्गों के खिलाफ धमकी व रंगदारी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी।
वहीं बेकनगंज कंघी मोहाल निवासी मोहम्मद नसीम आरिफ ने बलवा, मारपीट, जमीन कब्जा करने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि विधायक इरफान सोलंकी ने उनकी 500 वर्ग गज जमीन कब्जा कर ली है। 16 मार्च 2018 को जब इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान सोलंकी और चाचा इश्तियाक सोलंकी पहुंचे थे।
साथी आसिफ दलाल, शब्बर हुसैन, अब्दुल व अन्य 16 अज्ञात जमीन कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर इन सभी ने पीटा था, रिजवान ने उनके मुंह में पिस्टल ठूंस दी थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने शनिवार को अकील और मोहम्मद नसीम आरिफ के बयान दर्ज किए।
प्रमाणित कॉपियां एकत्रित कर रही पुलिस
फर्जी आधार कार्ड से हवाई सफर करने के मामले में ग्वालटोली पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है। विधायक ने फर्जी आधार कार्ड का जहां-जहां प्रयोग किया है उनकी प्रमाणित कॉपियां एकत्रित कर रही है। इसमें से कुछ कापियां मिल भी चुकी हैं। जिन्हें पुलिस साक्ष्य के तौर पर कोर्ट में पेश करेगी।
आगजनी मामले में डी टू गैंग के कई अपराधी पुलिस की रडार पर
पुलिस सूत्रों के अनुसार नजीर फातिमा के घर आगजनी के दौरान 55 लोगों की भीड़ में डी टू गैंग के अपराधियों से लेकर पार्षद और कई बिल्डर भी मौजूद थे। इसमें से कई के नाम सामने आ चुके हैं। पुलिस उन सभी की लोकेशन के साथ साक्ष्य संकलन करने में लगी हुई है।