Auraiya: दरोगा पर बंदरों के झुंड ने किया हमला…घायल, सीढ़ियों से नीचे गिरने से पैर फ्रैक्चर, सैफई रेफर
Auraiya News: कुदरकोट कस्बे में छत से कपड़े उतारने गए दरोगा पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान सीढ़ियों से नीचे उतारते समय पैर फिसलने से दरोगा नीचे गिर गए।
विस्तार
औरैया जिले के कस्बा कुदरकोट में बुधवार की देर शाम छत पर कपड़े लेने गए एक उपनिरीक्षक के ऊपर बंदरों के झुंड ने हमला बोल दिया। बंदरों के हमले से बचने के लिए दरोगा जल्द नीचे उतरने के प्रयास में सीढ़ियों से नीचे आ गिरे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख घर में मौजूद पत्नी व एक सिपाही ने उन्हें उठाकर सीएचसी बिधूना पहुंचाया।
यहां डॉक्टर ने उसके पैर में फ्रैक्चर पाए जाने पर सैफई रेफर कर दिया। कुदरकोट थाना में तैनात उपनिरीक्षक ध्रुव कुमार यादव (55) कस्बा स्थित एक घर में किराए पर रहते हैं। बुधवार की देर शाम वह छत पर कपड़े लेने गए थे। तभी अचानक से बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक से बंदरों को देख दरोगा घबरा कर छत से नीचे जाने को सीढ़ी की तरफ दौड़े।
बायां पैर फ्रैक्चर होने के चलते सैफई रेफर
तभी सीढि़यों से उतरते समय अचानक से उनका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे नीचे आ गिरे। दरोगा की चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद पत्नी उन्हें उठाने दौड़ी। इस पर दरोगा ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सिपाही की मदद से पत्नी ने दरोगा को सीएचसी बिधूना पहुंचाया। यहां जांच में दरोगा का बायां पैर फ्रैक्चर होने के चलते डॉक्टर ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया।
छत पर पड़े कपड़े उतारने गए थे ऊपर
अस्पताल में मौजूद घायल दरोगा ध्रुव कुमार यादव ने बताया कि वह थाना कुदरकोट में तैनात हैं। वर्तमान में एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव दोबामाफी में लगे मेले में ड्यूटी कर रहे हैं। बताया कि बुधवार को दोबामाफी में ड्यूटी करने के बाद देर शाम को वह कुदरकोट पहुंचे थे। बताया कि घर की छत पर कपड़े पड़े थे, जिन्हें उतारने के लिए ऊपर गए थे तभी बंदरों ने हमला कर दिया।