Kanpur Dehat: सोने की मोहरों से भरे कलश निकलने की मिली सूचना, आनन फानन में पहुंचे अफसर, फिर हुआ ये
रसूलाबाद थाना क्षेत्र में सोने की मोहरों से भरे तीन कलश निकलने की सूचना पर अफसर दौड़ पड़े, लेकिन चंदा निवादा गांव पहुंचने पर जानकारी फर्जी मिली। अब पुलिस सर्विलांस की मदद से सूचना देने वाले को दबोचेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में चंदा निवादा गांव में सोने की मोहरों से भरे तीन कलश निकलने की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग ने गांव तक दौड़ लगा दी। घंटों अधिकारी गांव में लोगों से पूछताछ करते रहे। इस पर जानकारी फर्जी होने की बात पता चली।
इसके बाद अफसर अपने-अपने दफ्तर लौट गए। अब फर्जी सूचना देने वाले को पकड़ने के लिए पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है। क्षेत्र में बाइक से बर्तनों की फेरी लगाने वाले एक युवक ने गुरुवार सुबह जिले के एक अधिकारी को मोबाइल पर चंदा निवादा गांव में तीन कलशों में सोने की मोहरें निकलने की सूचना दी।
इस पर अफसर ने पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को फौरन मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी देने को कहा। पुलिस व राजस्व विभाग के परमाल सिंह व अनिल कुमार तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गांव में घंटों लोगों से पूछताछ की।
पुलिस और राजस्व टीम को देखकर हुई हैरानी
इस पर लोगों ने इस मामले की जानकारी से ही इनकार किया। जांच में सूचना फर्जी निकली। गांव वाले भी पुलिस व राजस्व विभाग की टीम को देखकर चकित नजर आए। अब पुलिस फर्जी सूचना देने वाले की तलाश कर सर्विलांस के जरिये कर रही है।
सूचना देने वाले पर होगी कार्रवाई
एसडीएम डॉ. जितेंद्र कटियार ने बताया कि अधिकारियों की सूचना पर मौके पर दो कानूनगो को भेजा गया था, लेकिन सूचना फर्जी निकली। सीओ आशा पाल सिंह ने भी सूचना झूठी बताई है। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।