IND vs BAN Test: पांच दिन ग्रीनपार्क के आसपास बदला रहेगा यातायात, 27 सितंबर से एक अक्तूबर तक रहेगा लागू
Kanpur News: टेस्ट मैच को लेकर पांच दिन ग्रीनपार्क के आसपास यातायात बदला रहेगा, जो 27 सितंबर से एक अक्तूबर तक लागू रहेगा। पुलिस ने तीन चरणों में डायवर्जन की रूप रेखा तैयार की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक ने ग्रीनपार्क के आसपास 27 सितंबर से एक अक्तूबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। वहीं, लोगों को आवागमन में दिक्कत ने हो इसके लिए तीन चरणों में डायवर्जन की रूप रेखा तैयार की गई है। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि मुख्य डायवर्जन में यदि वाहनों का दबाव अधिक रहता है, तो आवश्यकता के अनुसार दूसरे या तीसरे चरण का डायवर्जन प्लान प्रयोग में लाया जाएगा। यातायात विभाग की ओर से ग्रीनपार्क आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
प्रथम चरण (मुख्य डायवर्जन)
- फूलबाग, मेघदूत चौराहा की ओर से वीआईपी रोड होकर आने वाले वाहन डीएवी तिराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन यहां से बाएं मधुवन तिराहा, हैडर्ड चौराहा से सिलवर्टन तिराहा होते हुए जा सकेंगे।
- कंपनीबाग, रानीघाट की ओर से आने वाले वाहन मर्चेंट चैंबर तिराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन दाहिने मुड़कर सिलवर्टन तिराहा, लाल इमली चौराहा से होते हुए जाएंगे।
- बड़ा चौराहा, मूलगंज से आने वाले वाहन जिन्हें हैडर्ड चौराहा की तरफ जाना है वह कारसेट, परेड चौराहा से आगे नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन कारसेट चौराहे से बाएं लाल इमली चौराहा होते हुए जाएंगे।
द्वितीय चरण (आवश्यकतानुसार)
- मर्चेंट चैंबर रोड पर अधिक दबाव होने की स्थिति में कोई भी वाहन रेव थ्री तिराहा से आगे नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन विजय विला होटल होते हुए गंतव्य को जाएंगे।
- डीएवी तिराहा पर अधिक दबाव होने पर वाहन सरसैय्या घाट से बाएं बड़ा चौराहा होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
तृतीय चरण (आवश्यकतानुसार)
- रेव थ्री तिराहे पर अधिक यातायात होने पर वाहन रानीघाट चौराहा से दाहिने राजीव पेट्रोल पंप होते हुए आगे जा सकेंगे।
- सरसैय्या घाट पर अधिक यातायात दबाव होने पर मेघदूत तिराहा से डायवर्जन होगा। ऐसे में वाहन बड़ा चौराहा होते हुए जा सकेंगे।
यह होगी पार्किंग व्यवस्था
- मीडिया पार्किंग: बाबा घाट रोड की दोनों तरफ।
- फुलबाग की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग: डीएवी तिराहा स्थित गैस गोदाम ग्राउंड, हैडर्ड कॉलेज चौराहा से सिल्वर्टन तिराहा के मध्य सड़क के दोनों तरफ।
- मूलगंज, घंटाघर, यतीमखाना की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग: जीआईसी ग्राउंड, लाल इमली चार बंगलिया ग्राउंड, लाल इमली मुख्य गेट पर सड़क के दोनों तरफ, म्योरमिल ग्राउंड, मकराबटगंज फुटबॉल ग्राउंड, एफसीआई ग्राउंड, मकराबटगंज हॉस्पिटल के सामने केवल मोटरसाइकिल, क्रिस्टल पार्किंग।
- कंपनीबाग, रानीघाट कर्नलगंज, ग्वालटोली की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग: टेफ्को फैक्ट्री एरिया, टेफ्को मंदिर गेट से परमट पार्किंग तक सड़क के दोनों ओर, परमट पार्किंग, टेफ्को गेस्ट हाउस, टेफ्को आवासीय परिसर, टेफ्को जीएम आवासीय परिसर, मिलन गेस्ट हाउस के सामने गोल्डी मसाले वाला ग्राउंड।
- पास वाले वाहनों की पार्किंग: स्टेडियम के अंदर गेट नं 1A, 11A व 10B में होगी।
इन रूटों पर है ये गेट नंबर
- ग्रीनपार्क से डीएवी तिराहा की ओर गेट नंबर- दो, तीन, चार, पांच व छह ।
- डीएवी तिराहा से ग्रीन पार्क से पीछे की ओर गेट नंबर- सात, आठ, नौ, 10 व (ए, बी, सी)।
- ग्रीनपार्क चौराहा से यूनियन बैंक/परमट मंदिर मार्ग पर गेट नंबर एक और 11।
स्टेडियम के आसपास रहने वाले बनवा लें वाहन पास
ट्रैफिक विभाग ने मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्रीनपार्क स्टेडियम के आसपास रहने वाले लोगों से अपने वाहनों के रेजिडेंशियल पास संबंधित चौकी सिविल लाइन अथवा परमट पुलिस चौकी से लेने की अपील की है।