Kanpur: आईएमए का 42वां रिफ्रेशर कोर्स कल से, हृदय-डायबिटीज और रोगों के संबंध में भी चलेंगे सत्र
Kanpur News: अध्यक्ष डॉ. रस्तोगी ने बताया कि बढ़ती मानसिक समस्याओं के मद्देनजर आईएमए में एक इमरजेंसी सेल खोलने की भी योजना है। इसके हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके लोग काउंसलिंग की सुविधा ले सकेंगे। रिफ्रेशर कोर्स के लिए अब तक 510 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
विस्तार
कानपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के कॉलेज आफ जनरल प्रैक्टिशनर्स सब-फैकल्टी का तीन दिवसीय 42वां रिफ्रेशर कोर्स-2025 शुक्रवार से शुरू होगा। इसमें विभिन्न चिकित्सीय विषयों पर माने-जाने विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। वे रोगों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नवीनतम तकनीकों, दवाओं आदि के बारे में बताएंगे। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. नंदिनी रस्तोगी और सब-फैकल्टी की सहायक निदेशक डॉ. शालिनी मोहन ने बताया कि बच्चों में मोबाइल फोन की लत, मानसिक स्वास्थ्य पर ज्यादा फोकस रहेगा।
रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन परेड स्थित आईएमए भवन के सभागार में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रिफ्रेशर कोर्स में 20 वैज्ञानिक सत्र होंगे। बच्चों में सोशल मीडिया और मोबाइल फोन की लत वाले सत्र को दिल्ली की विशेषज्ञ डॉ. कविता अरोड़ा संबोधित करेंगी। यह सत्र रविवार को होगा। इसमें 25 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को भी बुलाया गया है। इसी दिन गैस्ट्रोइंटोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के इस्तेमाल का भी सत्र होगा। इसे हैदराबाद के विशेषज्ञ डॉ. राकेश कालापाला संबोधित करेंगे।
कोर्स का समापन 13 अप्रैल को होगा
इसके अलावा बच्चों के चश्मे का नंबर जल्दी-जल्दी बदलने की समस्या पर भी एक सत्र रखा गया है। अध्यक्ष डॉ. रस्तोगी ने बताया कि बढ़ती मानसिक समस्याओं के मद्देनजर आईएमए में एक इमरजेंसी सेल खोलने की भी योजना है। इसके हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके लोग काउंसलिंग की सुविधा ले सकेंगे। रिफ्रेशर कोर्स के लिए अब तक 510 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। कोर्स का समापन 13 अप्रैल को होगा। मुख्य अतिथि आईएमए यूपी के राज्य अध्यक्ष डॉ. पीके अग्रवाल होंगे। इस मौके पर डॉ. एसके गौतम, डॉ. कुणाल सहाय, डॉ. विकास मिश्रा आदि मौजूद रहे।