{"_id":"6adf364fc4797106f3051f23","slug":"hotelier-s-son-falls-from-the-fourth-floor-of-his-home-death-sparks-widespread-grief-2026-10-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: होटल व्यवसायी का बेटा घर की चौथी मंजिल से गिरा, मौत से मचा कोहराम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: होटल व्यवसायी का बेटा घर की चौथी मंजिल से गिरा, मौत से मचा कोहराम
Mon, 26 Oct 2026 04:45 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Mon, 26 Oct 2026 04:45 PM IST
विज्ञापन
रोहन शर्मा की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र के दौलतगंज में सोमवार सुबह बनारस होटल के मालिक का बेटा घर की चौथी मंजिल की खिड़की से नीचे सड़क पर जा गिरा। करीब 50 फीट नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन नाजुक हालत में आनन-फानन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन
दौलतगंज निवासी अनिल शर्मा का कैनाल रोड पर बनारस होटल है। वह अपने चार भाई अजय शर्मा, विजय समेत अन्य भाइयों के साथ होटल और रेस्टोरेंट संभालते हैं। अजय का छोटा बेटा रोहन शर्मा (27) पिता के साथ होटल और रेस्टोरेंट का काम संभालता था। परिजन के मुताबिक, रोहन अक्सर ही घर की खिड़की पर बैठकर मंजन करता था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे भी वह एक पैर खिड़की से बाहर निकालकर बैठा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ने से वह करीब 50 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा। गिरने की आवाज सुनकर राहगीरों ने घरवालों को सूचना दी।
विज्ञापन
परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। रोहन की शादी इसी साल फरवरी में पुरवा निवासी युवती से हुई थी। परिवार में मां गायत्री और बड़ा भाई रोहित हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के कारोबारी, प्रतिष्ठित और राजनैतिक लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक खिड़की पर बैठा था, तभी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन