Kanpur: अब कल्याणपुर में ऑनर किलिंग! बेटी की गला दबाकर हत्या, प्रेम प्रसंग से खफा था पिता, पढ़ें पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बेटी के प्रेम प्रसंग से खफा पिता ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन कर जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में रावतपुर के महाराणा प्रताप नगर के बाद मंगलवार को कल्याणपुर के कश्यप नगर में ऑनर किलिंग का दूसरा मामला सामने आया है। यहां भी बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी बेटी की गला घोंट कर बेरहमी से हत्या कर दी।
वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही कंट्रोल रूम में कॉल कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की है।कश्यपनगर निवासी राधेश्याम गुप्ता ई रिक्शा चालक हैं।
उसकी 17 वर्षीय बेटी खुशबू गुप्ता इलाके में स्थित प्राइवेट स्कूल से हाई स्कूल की छात्रा थी। आरोप है कि बेटी का टूटी पुलिया के पास रहने वाले हर्ष नाम के युवक से एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर आए दिन राधेश्याम घर में बेटी के साथ मारपीट करते थे।
बेटी कर रही थी मोबाइल पर बात
मंगलवार सुबह करीब 11:00 बजे वह ई-रिक्शा चलाकर घर पहुंचा। बेटी को मोबाइल पर बात करता देख राधेश्याम भड़क गया। बेटी के विरोध करने पर राधेश्याम ने उसके साथ मारपीट करते हुए गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद घर के पास रहने वाली बड़ी बेटी पूजा के घर जाकर पूरी जानकारी दी।
एसीपी बोले- अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन जारी
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी कल्याणपुर विकास कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल की जांच पड़ताल कर अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है।
तीन दिन पहले पुलिस से की थी शिकायत
मृतका के भाई संदीप ने बताया कि हर्ष पिछले काफी समय से उसकी बहन को परेशान कर रहा था। जिसकी शिकायत तीन दिन पहले पिता ने पनकी रोड चौकी में पुलिस से की थी। लेकिन पुलिस ने इस मामले में युवक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की थी।
भाई और पिता के घर से जाने के बाद अक्सर घर आता था प्रेमी
मोहल्ले वालों ने पुलिस को बताया कि भाई व पिता के घर से काम पर जाने के बाद अक्सर हर्ष उनके घर पर आता था। इसे लेकर कई बाद मृतका से पिता और भाई का विवाद होता था, जिसकी भनक लगने पर राधेश्याम आए दिन बेटी से मारपीट करता था।
रावतपुर में भी पिता ने की थी बेटी की हत्या
रावतपुर में भी सोमवार को इसी तरह का चौंकाने वाला मामला देखने को मिला था। महाराणाप्रतापनगर में रहने वाले श्याम बहादुर ने प्रेम प्रसंग से नाराज होकर बेटी की केबिल से गला घोटकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने श्याम बहादुर को मंगलवार कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की हिरासत में जेल भेज दिया गया।