Hardoi: बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत, तीसरा घायल, तिलक में शामिल होने जा रहे थे दोनों बाइक सवार
यूपी के हरदोई जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ। बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया।
विस्तार
हरदोई जिले में संडीला रोड पर पुरवावां गांव के पास दो बाइक आमने-सामने भिड़ गई। सोमवार की देर रात को हुए इस हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। मल्लावां कस्बा के मोहल्ला काजी टोला मिर्जापुर पूर्वी निवासी अल्ताफ (28) सोमवार को देर रात बाइक से गौसगंज रिश्तेदारी में जा रहा था। मल्लावां-संडीला रोड पर पुरवावां गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई।
अल्ताफ की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार जिला सीतापुर थाना बिसुआ के जोशी टोला निवासी दुर्गेश कुमार जोशी (35) और उसी मोहल्ला निवासी विनीत कुमार (22) घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत बिगड़ती देख मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां विनीत की इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्गेश और विनीत एक ही बाइक से माधौगंज की तरफ तिलक समारोह में जा रहे थे। हादसे की जानकारी होते ही अल्ताफ और विनीत दोनों के घरवाले रोते-बिलखते हुए दौड़ पड़े। कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली जाने की कर रहा था तैयारी
सड़क हादसे का शिकार हुए अल्ताफ की शादी तीन साल पहले हुई थी। वह दिल्ली में सिलाई करता था। ईद मनाने के लिए वह घर आया हुआ था। घरवालों के मुताबिक वह दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा था। इसी सिलसिले में वह कुछ बातचीत करने गौसगंज जा रहा था। उसी बीच पुरवावां गांव के पास हादसे का शिकार हो गया।
हेलमेट नहीं लगाए थे बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों के सिर पर गंभीर चोट आई थीं। लोगों में चर्चा है कि यदि हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी।