Hardoi: शोहदे से परेशान किशोरी ने फंदा लगाकर दी जान, आरोपी गिरफ्तार
यूपी के हरदोई जिले में शोहदे से परेशान किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
हरदोई जिले में थाना अतरौली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की दोपहर शोहदे से परेशान किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के बड़े भाई ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बहन को पड़ोसी गांव कृष्णापुर मजरा सैयापुर निवासी बालेश्वर यादव (20) आए दिन परेशान करता था। जबरन मोबाइल से प्रेम प्रसंग की बात करने का दबाव बनाता था।
इसकी शिकायत बहन कई बार कर चुकी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। भाई का कहना है कि बालेश्वर की हरकतों के कारण बहन ने शनिवार दोपहर आंगन के जाल में लुंगी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। परिजनों के मुताबिक, किशोरी दो दिनों से बेहद परेशान थी और इस वजह से वह कुछ खा पी भी नहीं रही थी।
मौके पर पहुंची पुलिस को किशोरी के शव के पास एक मोबाइल पड़ा मिला। किशोरी पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल स्कूल खसरौल में हाईस्कूल की परीक्षा पास कर चुकी थी। वह दो बहनों व एक भाई में सबसे छोटी थी। अपर पुलिस अधीक्षक नृपेन्द्र, क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी वहीद अहमद ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी बालेश्वर के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।