Hamirpur: सुभाष बाजार में लगी भीषण आग, दो दुकानों के गोदाम राख, करोड़ों का नुकसान…कोई जनहानि नहीं हुई
Hamirpur News: सुभाष बाजार में देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में तुलसी किराना और मनीष गारमेंट्स के गोदाम जलकर राख हो गए, जिससे करोड़ों के नुकसान की आशंका है। दमकल की आठ गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
विस्तार
हमीरपुर जिले के सुभाष बाजार में बुधवार बृहस्पतिवार रात लगी आग से तुलसी किराना और मनीष गारमेंट की दुकानों के गोदाम राख हो गए। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दमकल की आठ गाड़ियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे तुलसी किराना और मनीष गारमेंट की दुकानों के गोदामों में आग लग गई। दुकानों में रखे रिफाइंड ऑयल और घी ने आग को और भड़का दिया। मनोज गुप्ता ने बताया कि उनके किराना गोदाम में करीब 80 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। वहीं, मनीष गुप्ता ने अपनी गारमेंट्स दुकान में 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की बात कही।
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई
आग इतनी भीषण थी कि चार मंजिला इमारत को तीन जगहों से तोड़कर आग पर काबू पाया गया। हमीरपुर से दमकल की चार गाड़ियां और घाटमपुर से चार गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं। सुबह करीब साढ़े छह बजे आग पूरी तरह काबू में आ सकी। सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही किया जाएगा। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।