Hamirpur: पेड़ से टकराकर कार के उड़े परखच्चे; PRV ने दरवाजा काटकर युवक को बाहर निकाला, गंभीर हालत में रेफर
Hamirpur News: हमीरपुर के बंगरा गांव के पास पेड़ से टकराई कार में फंसे युवक को पुलिस ने दरवाजा काटकर सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पीआरवी व पुलिस टीम ने कार का दरवाजा काटकर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घायल युवक के पिता रणधीर यादव ने बताया कि उनका बेटा मंगलवार रात पचखुरा गांव स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था। इसी दौरान बंगरा गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाहर निकालकर सीएचसी, सरीला में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जलालपुर थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया और परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।