Hamirpur Accident: अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर की ट्राली पलटी, किसान और महिला की मौत, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
Hamirpur News: जरिया थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में किसान और महिला की मौत हो गई।
विस्तार
हमीरपुर जिले में मूंगफली बेचकर घर लौट रहे किसान की महिला सहित ट्रैक्टर की ट्राली पलटने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जरिया थाने के दादों गांव निवासी चंद्रशेखर राजपूत ने बताया कि गांव के ही बालचंद्र राजपूत (53) बृहस्पतिवार को अपनी मूंगफली बेचने राठ मंडी गए थे।
ट्रैक्टर ट्राली गांव का ही शैलेंद्र चला रहा था। देर रात वापस लौटते समय खेड़ा शिलाजीत गांव के पास ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार उनकी बहू रामकुमारी उर्फ रोशनी (32) पत्नी ज्ञानसिंह व बालचंद्र (53) पुत्र रामप्रसाद की ट्राली के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी बहू रामकुमारी मकर संक्रांति के त्योहार पर अपने मायके चरखारी कोतवाली के अठकौवा गांव गई थी। बृहस्पतिवार को उसका भाई रितिक राठ तक छोड़ गया था। यहां से ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर घर जा रही थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।