हमीरपुर: पंडाल खोलते समय हादसा, एचटी लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
Hamirpur News: जरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडाल का लोहे का पाइप खोलते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे 36 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद पंडाल का पाइप निकालते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जरिया थाना क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव निवासी नरसिंह राजपूत ने बताया कि सोमवार को गांव निवासी प्रदीप द्विवेदी के कस्बे के उरई रोड स्थित भवन में गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। इसमें उनके छोटे भाई अरिमर्दन राजपूत (36) भी शामिल होने गए थे। मंगलवार सुबह कार्यक्रम के बाद पंडाल का पाइप निकाला जा रहा था।
शव का कराया जा रहा है पोस्टमार्टम
तभी पाइप ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे अरिमर्दन करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर मौजूद परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक खेती के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी रोशनी, मां सुमित्रा और ढाई वर्षीय बेटी नित्या पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।