Terrorist: नूपुर शर्मा की हत्या की साजिश रच रहा था हबीबुल, भारत में इस्लाम कायम करना था मकसद, जानें क्या बोल
एटीएस की पूछताछ में बेखौफ होकर हबीबुल सवालों के जवाब देता रहा। उसके चेहरे पर जरा भी सिकन नहीं थी। उसने कहा कि भारत में इस्लाम कायम करना मकसद, जिहाद से मिलेगी जन्नत।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आतंकी हबीबुल की भले ही उम्र कम हो लेकिन वह पूरी तरह बेखौफ है। गिरफ्तारी के बाद भी उसके चेहरे पर जरा भी सिकन नहीं थी और न ही अफसोस था। पूछताछ में वह बोला भारत में इस्लाम कायम करना मकसद है। उसी के लिए वह काम कर रहा है। जिहाद से ही जन्नत मिलेगी। एटीएस सूत्रों के मुताबिक हबीबुल के मोबाइल से इस्लामिक कट्टरता संबंधी तमाम चीजें मिली हैं।
उसने खुद इस बात को स्वीकार किया कि वह भारत को इस्लामिक देश बनाने के लिए जंग लड़ रहा है। उसने बताया कि वह सबसे पहले सेल्फ मोटीवेट हुआ। उसको लगता है कि देश में मुसलमानों पर अत्याचार हो रहा है। इस तरह के तमाम वीडियो टेलीग्राम ग्रुप पर उसको पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उपलब्ध कराए थे। यही नहीं वीडियो व ऑडियो कॉल पर भी वह इन हैंडलर्स से बातचीत करता था।
गोपनीय रखे गए नाम
हबीबुल से फतेहपुर, कानपुर समेत देशभर के शहरों से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसका पता एटीएस कर रही है। जो शुरुआती जानकारी मिली है, उसे एटीएस ने सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसे नामों को गोपनीय रखा गया है।
सूत्रों के मुताबिक हबीबुल के संपर्क में आकर उसकी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई केवल उसके संपर्क में है और वह देश विरोधी गतिविधि में शािमल नहीं है, उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। हालांकि सुरक्षा एजेंसी उनकी निगरानी भी करेंगी।
तालिबानी आतंकियों से बेहद प्रभावित है हबीबुल
तालिबानी आतंकी जिस क्रूरता से लोगों को मारते हैं, वह तरीका हबीबुल को पसंद है। उसका कहना है हर एक शख्स को इस्लाम अपनाना होगा। इस्लाम ही एक मात्र धर्म है, जो नहीं मानेगा उसको तालिबानी सजा दी जाएगी।
नूपुर शर्मा की हत्या करवाने की साजिश भी रच रहा था हबीबुल
फतेहपुर से गिरफ्तार किया गया जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा आतंकी बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था। सूत्रों के अनुसार कुछ ऐसे सुराग हाथ लगे हैं, जिससे आशंका है कि हबीबुल इस्लाम भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की हत्या कराने की फिराक में था।
सहारनपुर से गिरफ्तार किए गए आतंकी नदीम ने खुलासा किया था कि वह फिदायीन हमले के जरिये नूपुर की हत्या करना चाहता था। चूंकि हबीबुल भी नदीम का साथी है। दोनों एक ही टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े थे और आपस में बातचीत भी होती थी। ऐसे में एटीएस ने इस बिंदु पर भी जांच शुरू कर दी है।
वहीं एटीएस ने हबीबुल के पास से एक चाकू बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह चाकू शॉपिंग वेबसाइट फ्लिपकार्ट से ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाया था। हालांकि चाकू खरीदने का मकसद उसने नहीं बताया। उधर हबीबुल और नदीम के वर्चुअल आईडी के माध्यम से जुड़े होने की भी बात सामने है।
क्या ये वही सैफुल्ला है
नदीम ने बताया था कि तहरीक-ए-तालिबान के आतंकी सैफुल्ला ने नूपुर शर्मा को मारने का टास्क दिया था। फिदायीन हमले का प्रशिक्षण भी उसने सोशल मीडिया के जरिये नदीम को उसी ने दिया था। सवाल है कि कहीं फतेहपुर से पकड़ा गया आतंकी वही सैफुल्ला तो नहीं। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। आशंका यह कि टास्क देने वाला सैफुल्ला तालिबान में बैठा है। मगर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
16 को रिमांड के लिए डाली जाएगी अर्जी
एटीएस ने अभी हबीबुल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। 16 अगस्त को एटीएस उसको कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी देगी। कोर्ट की अनुमति के बाद उसको एटीएस रिमांड पर लेगी।