Kanpur: त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे मैदान और खिलाड़ी, दो आईपीएस को जिम्मेदारी…रखेंगे पल-पल की जानकारी
Kanpur News: ग्रीनपार्क में टेस्ट मैच को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। दो आईपीएस अलग-अलग दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। दोनों के अंडर में कई एडिशनल डीसीपी और एसीपी भी रहेंगे।
विस्तार
कानपुर में टेस्ट मैच और खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। होटल से लेकर ग्रीनपार्क तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी रहेगी। वहीं दोनों टीमों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दो आईपीएस अधिकारियों को सौंपी गई है। इनकी जिम्मेदारी ये भी होगी कि कोई बाहर का आदमी खिलाड़ी से मिल न सके। सोमवार देर शाम हुई ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी बताई गई।
ग्रीनपार्क की तीन चक्रों में होगी सुरक्षा व्यवस्था
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मैदान के बाहर को इनर क्वार्डन बनाया गया है। ग्राउंड पर सिर्फ खिलाड़ी और अंपायर के अलावा और कोई नहीं रहेगा। मिडिल क्वार्डन में वीवीईपी और वीआईपी पवेलियन को रखा गया है। वहीं आउटर क्वार्डन स्टेडियम परिसर को बनाया गया है। तीनों क्वार्डन की जिम्मेदारी एक एक डीसीपी को सौंपी गई है। उनके साथ एडीसीपी और एक से दो एसीपी लगाए गए हैं।
होटल में डीसीपी मुख्यालय की होगी सुरक्षा जिम्मेदारी
खिलाड़ी होटल लैंडमार्क में रुकेंगे। यहां पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीसीपी मुख्यालय आरती सिंह को सौंपी गई है। वहीं सुबह वहां पर एसीपी कलक्टरगंज व क्राइम मोहसिन खान और रात में एसीपी कानून व्यवस्था अजय त्रिवेदी की तैनाती रहेगी। डीसीपी ने बताया होटल से ग्रीनपार्क जाने वाले रूट पर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।
प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
एडिशनल सीपी हरीश चंदर ने बताया कि बांग्लादेश में जो हालात हैं, उसे लेकर भी पुलिस टीम सतर्क है। इस मामले में इंटेलीजेंस एजेंसी से इनपुट लिए जा रहे हैं। साथ ही अगर किसी ने प्रदर्शन करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इतने पुलिस अधिकारी और कर्मी जिले के बाहर से होंगे तैनात
आईपीएस 02, एएसपी/डीसीपी 04, सीओ/एसीपी 15, इंस्पेक्टर 65, सब इंस्पेक्टर 220, महिला एसआई 10, मुख्य आरक्षी/ आरक्षी 550, महिला आरक्षी 150, पीएसी 5 कंपनी, आरएएफ 1 कंपनी, एटीएस 1 टीम, बीडीएस/एएस चेक टीम 12 टीम।
इन अधिकारियों के पास बड़ी जिम्मेदारी
- श्रवण कुमार सिंह (डीसीपी पूर्वी): संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी
- रवींद्र कुमार (डीसीपी ट्रैफिक): संपूर्ण कार्यक्रम की ट्रैफिक व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी
- शिवा सिंह (एडीसीपी): नोडल अधिकारी क्रिकेट सेल
- राजेश कुमार श्रीवास्तव (एडीसीपी) : सहायक नोडल अधिकारी क्रिकेट सेल
- आशुतोष कुमार (एसीपी कोतवाली) : नोडल राजपत्रित अधिकारी
- अमरनाथ यादव (एसीपी क्राइम) : सहायक नोडल राजपत्रित अधिकारी फर्स्ट
- अजय कुमार त्रिवेदी (एसीपी लॉ एंड ऑर्डर) : सहायक नोडल राजपत्रित अधिकारी सेकेंड