Farrukhabad: दुपट्टे का फंदा बनाकर झूली छात्रा, पंखे से लटका था शव, परिजन बोले- पढ़ाई में तेज थी...फिर
कमालगंज थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में घर के अंदर कमरे में छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह चाय को आवाज देने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तो कोहराम मच गया। छात्रा के माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे।
पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी अनिल कुमार जाटव कारपेंटर का काम करते हैं। शुक्रवार रात अनिल पत्नी नीरज देवी के साथ सड़क हादसे में घायल जहानगंज क्षेत्र के नहरैया गांव निवासी साले राजीव को देखने गए थे।
घर पर बच्चे व अन्य परिजन थे। रात में अनिल की 15 वर्षीय पुत्री कुमकुम ने घर के अंदर कमरे में पंखे से दुपट्टा डालकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब कुमकुम की दादी माया देवी ने उसे चाय पीने के लिए आवाज लगाई, तो कोई जवाब नहीं मिला।
रोते बिलखते रहे परिजन
इस पर भाई रमन व बहन नैन्सी कमरे में गई, तो शव लटका देख चीखने चिल्लाने लगी। दादा शिवकुमार, दादी माया देवी, चाचा आदि परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही अनिल व उसकी पत्नी नीरज भी आ गई। शव को देख परिजन रोते बिलखते रहे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर दरोगा रामलखन गौतम व हरेंद्र कुमार ने पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनिल ने बताया कि बेटी कुमकुम ने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी। वह पढ़ाई में काफी तेज थी। भाई-बहनों में वह सबसे बड़ी थी।