छात्रों से वसूली का मामला: वसूलीबाज गुंडों पर गैंगस्टर की तैयारी, गिरफ्तारी के लिए लगाई स्वाट व सर्विलांस टीम
Kanpur Crime: एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने बताया कि गुंडों के पूरे गिरोह पर लगाम कसने के प्रयास जारी है। टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
विस्तार
कानपुर में दक्षिण शहर के नामी स्कूलों के छात्रों को डरा धमकाकर उनसे वसूली करने के मामले में पुलिस अन्य पीड़ित छात्रों की भी तहरीर का इंतजार कर रही है। वसूलीबाज गुंडों के खिलाफ मुकदमे दर्ज होते ही उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
वहीं, फुरकान व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगीं थाने की टीमों के साथ अब सर्विलांस और स्वाट टीम को भी लगा दिया गया है। नौबस्ता, हनुमंत विहार, किदवईनगर और जूही थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के बच्चों को फुरकान उर्फ लेडी जैसे गुंडे डरा धमकाकर उनसे पैसे वसूलते हैं।
उनकी पिटाई के वीडियो बनाकर उसे साेशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करते हैं। ऐसे ही मामले में फुरकान, साहिल, रुद्र प्रताप सिंह, अंशुल, प्रतीक यादव के खिलाफ नौबस्ता और हनुमंत विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। पुलिस के सामने छह अन्य मामले भी आए हैं।
गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं टीमें
हालांकि, पुलिस अब उन छात्रों से भी तहरीर लेकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। इसके बाद उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने बताया कि गुंडों के पूरे गिरोह पर लगाम कसने के प्रयास जारी है। टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।