Kanpur: आईटीबीपी की ट्रेडमैन परीक्षा में किया फर्जीवाड़ा, सॉल्वरों ने दी थी लिखित परीक्षा, चार गिरफ्तार
Kanpur News: थानाप्रभारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि उप सेनानी की तहरीर पर चारों आरोपियों व इनके स्थान पर बैठने वाले चारों अज्ञात सॉल्वरों के खिलाफ धोखाधड़ी व उप्र सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विस्तार
कानपुर में 32वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) महाराजपुर में चल रही ट्रेडमैन भर्ती परीक्षा प्रक्रिया के दौरान चार ऐसे अभ्यर्थी पकड़े गए हैं जिन्होंने लिखित परीक्षा दी ही नहीं। उनके स्थान पर सॉल्वरों ने लिखित परीक्षा पास की थी। गुरुवार को वाहिनी मुख्यालय पर चल रहे ट्रेड टेस्ट के दौरान बॉयोमीट्रिक मिलान नहीं होने पर यह खुलासा हुआ।
चारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। तीन आरोपी फिरोजाबाद व एक एटा का रहने वाला है। महाराजपुर स्थित 32वीं वाहिनी आईटीबीपी मुख्यालय में 14 से 23 नवंबर तक ट्रेडमैन भर्ती के लिए ट्रेड टेस्ट चल रहा है। इसमें वही अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जिन्होंने लिखित परीक्षा पास की है।
32वीं वाहिनी आईटीबीपी के उप सेनानी जीडी दंडपाल विश्वजीत मंडल ने बताया कि बुधवार को ट्रेड टेस्ट के दौरान अभ्यर्थियों का बॉयोमीट्रिक मिलान किया जा रहा था। इसी दौरान फिरोजाबाद के जालीप्राश ढोलापुरा निवासी रामदेव यादव, नगला गंगी जसराना निवासी अभिषेक कुमार, खड़ेरिया अलहदादपुर निवासी रामकरन व एटा के लक्ष्मणपुर मरौना निवासी मानवेंद्र कुमार का बॉयोमीट्रिक मिलान किया गया, तो यह सभी के परीक्षा देने वालों से अलग मिले।
चारों आरोपियों व अज्ञात सॉल्वरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस पर जवानों ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की,तो चारों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सॉल्वरों से परीक्षा दिलाई थी। चारों को गुरुवार को महाराजपुर पुलिस को सौंप दिया गया। थानाप्रभारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि उप सेनानी की तहरीर पर चारों आरोपियों व इनके स्थान पर बैठने वाले चारों अज्ञात सॉल्वरों के खिलाफ धोखाधड़ी व उप्र सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।