Kanpur: संदिग्ध हालातों में लापता हुए चार किशोर, पुलिस ने दर्ज की अपहरण की रिपोर्ट, चार टीमें तलाश में जुटीं
गुजैनी गांव में नहर पुल से चार किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पुलिस कमिश्नर और डीसीपी दक्षिण ने गांव पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। मामले में पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है और चार टीमें उनकी तलाश में लगाई गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के गुजैनी गांव में रविवार शाम नहर पुल पर बैठे चार किशोर अचानक लापता हो गए। परिजन रातभर उनकी खोजबीन करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह परिजन गुजैनी थाने पहुंचे तो पुलिस में हड़कंप मच गया। देर शाम मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने किशोरों की तलाश में चार टीमों का गठन किया।
गुजैनी गांव निवासी लोडर चालक ओम प्रकाश तिवारी का बेटा दीपक (14) रविवार दोपहर घर से मर्दनपुर नहर में नहाने गया था। शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके दोस्तों के घर पर संपर्क किया। वहां जाने पर पता चला कि अशोक का बेटा अभय (12), नरेश का बेटा किशन (12) व अंडे का ठेला लगाने वाली सुंदरी का बेटा सावन उर्फ प्रेम (12) भी लापता है।
रातभर तलाशने के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने गुजैनी थाने में गुहार लगाई। पुलिस को जांच में पता चला कि गांव वालों ने उनको रविवार शाम पांच बजे नहर के ऊपर बने हाईवे पुल पर नहाने के बाद बैठा देखा था। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल, एसीपी गोविंदनगर विकास कुमार पांडेय ने घटनास्थल का मुआयना किया।
एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि दीपक बिना बताए दो बार दिल्ली जा चुका है। जिस पुल पर वे बैठे थे वह दिल्ली हाईवे है। उनकी तलाश में चार टीमें लगी हैं। परिजनों की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।