Kanpur: जोरदार बारिश से साढ़ थाना परिसर बना तालाब, एक से डेढ़ फीट पानी भरने से दिनभर प्रभावित रहा कामकाज
Kanpur News: साढ़ इलाके में बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तक हुई करीब चार घंटे की जोरदार बारिश ने थाना परिसर को तालाब में तब्दील कर दिया। परिसर में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया। पानी मुख्य द्वार से लेकर हवालात और अन्य कमरों तक पहुंच गया, जिससे गुरुवार दिनभर थाना का कामकाज प्रभावित रहा।
विस्तार
साढ़ इलाके में बुधवार देर रात से लेकर गुरुवार तड़के तक हुई मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। महज चार घंटे की जोरदार बारिश से साढ़ थाना परिसर पूरी तरह जलमग्न होकर तालाब में तब्दील हो गया। थाने के मुख्य द्वार से लेकर हवालात और अन्य कमरों तक एक से डेढ़ फीट तक पानी भर जाने के कारण पुलिसकर्मियों और फरियादियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुरानी बिल्डिंग में संचालित है थाने का कामकाज
जानकारी के मुताबिक, साढ़ थाने का नवनिर्माण भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अभी तक वह पुलिस विभाग को हैंडओवर नहीं किया जा सका है। यही वजह है कि थाने का पूरा कामकाज अभी भी पुरानी बिल्डिंग से ही संचालित हो रहा है। बुधवार देर रात जब झमाझम बारिश शुरू हुई, तो आसपास का पानी तेजी से थाना परिसर में घुसने लगा। देखते ही देखते गुरुवार तड़के तक पानी ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
कुर्सियों और मेज के सहारे हुआ दिनभर का काम
थाना परिसर में एक से डेढ़ फीट पानी भर जाने के कारण थाने में रखी कुर्सियां, मेज और अन्य जरूरी फर्नीचर पानी में डूब गए। हालात ऐसे हो गए कि पुलिसकर्मियों के लिए थाने के अंदर आना-जाना तक मुश्किल हो गया। मजबूरी में पुलिसकर्मियों ने बाउंड्री और ऊंची जगहों पर मेज-कुर्सी रखकर किसी तरह थाने का दिनभर का कामकाज संभाला और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
पानी की निकासी बाधित होने के कारण जब स्थिति गंभीर हुई, तो सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पंप लगाकर थाने के अंदर से पानी निकलवाने का काम शुरू किया। इस जलभराव के चलते स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।