फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या और डकैती में चार गिरफ्तार, आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर और महिला भी शामिल
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पुलिस ने हत्या, डकैती और चोरी की कई वारदातों में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से नकदी, जेवर और एक रिवाल्वर मिला है। आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फतेहपुर जिले में हत्या, डकैती और लूट में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सर्विलांस से पकड़े गए इन आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर और महिला भी शामिल है। बदमाशों से नकदी, जेवर और एक रिवाल्वर बरामद हुई है। आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। रिवाल्वर बांदा जिले से चोरी का है।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत में एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि राधानगर में सेवानिवृत्त शिक्षक बलबीर सिंह की एक जनवरी की रात हत्या के बाद डकैती और चांदमारी चौकी क्षेत्र में पांच अगस्त को बस कंडक्टर के परिवार को मरणासन्न कर लूटने वाले बदमाशों को सथरियांव रेलवे अंडरपास पर पकड़ा गया।
इनमें हिस्ट्रीशीटर अमेना कोतवाली बिंदकी (हाल पता अंदौली पुलिया राधानगर) निवासी शिवगोपाल उर्फ राजा, अमेना निवासी सुरेंद्र उर्फ कैदी भुर्जी, बिंदकी जबरापुर निवासी आनंद उर्फ बाबा और आनंद की पत्नी रूपा है। शिवगोपाल से रिवाल्वर और सुरेंद्र से तमंचा मिला है।
उनसे लूटी रकम में 27 हजार रुपये व दो लाख के जेवर बरामद किए गए हैं। गैंग का लीडर शिवगोपाल है। लूटा माल रूपा सर्राफों की दुकान में बेचकर आती है। हिस्ट्रीशीटर शहर में रिक्शा चलाता है। शिवगोपाल की जेल में बंद अनिल के बीच बस कंडक्टर के घर हुई घटना की रात कई बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। रिक्शा चालक का मोबाइल ट्रेस हुआ था। टीम को 25 हजार का इनाम दिया गया है।
बंटवारे को लेकर हुआ विवाद
चांदमारी चौकी क्षेत्र में बस कंडक्टर के घर की शिवगोपाल ने रैकी की थी। शिवगोपाल ई रिक्शा में बिंदकी से अनिल, आनंद उर्फ बाबा, सुरेंद्र को लेकर जयरामनगर आया। यहां तीनों ने शराब पी, समोसा व चाऊमीन खाया। उसके बाद राधानगर गए। वहां शराब पी और होटल में खाना खाया। चारों रात दो बजे घटना करने पहुंचे।
बस कंडक्टर के घर में खुले शटर की बजाए छत से अनिल, सुरेंद्र गए थे। लूटपाट के बाद ई रिक्शा से बहुआ से जोनिहा पहुंचे। जोनिहा के पास माल का बंटवारा कर रहे थे। बंटवारे में उनके बीच विवाद हुआ। होमगार्ड को आते देखकर सभी मौके से चले गए। लूटा माल महिला ने दो सर्राफों को बेचा था।
अनिल को रिमांड पर लेगी पुलिस
अमेना निवासी अनिल को बिंदकी पुलिस ने 14 अगस्त को गिरफ्तार किया था। उसे ग्रामीणों ने चोरी करते पकड़ा था। पुलिस ने अनिल का चोरी में चालान किया था। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर लूट का माल बरामद करेगी।
रिक्शा चलाकर और मजदूरी के समय रैकी
आरोपी ई रिक्शा चलाकर और मजदूरी कर रैकी करते थे। आनंद उर्फ बाबा राजगीर है। जेल में बंद अनिल मजदूरी करता है। सुरेंद्र कोई काम नहीं करता है। चांदमारी की घटना से पहले बस कंडक्टर की पत्नी शादी से शिवगोपाल के ई रिक्शा से लौट रही थी। तभी उसने बस कंडक्टर के घर रैकी की थी। शादी में जाने की वजह से कंडक्टर की पत्नी काफी जेवर पहने थी। राजगीर आनंद बाबा और अनिल ने एक घर बनाने के दौरान शिक्षक के घर रैकी की थी।
शिव गोपाल पर दर्ज हैं कई मुकदमे
शिव गोपाल पर सदर कोतवाली में 2017 में दुष्कर्म, 2020 में औंग थाने में हत्या के प्रयास के दो मुकदमे, चोरी, 2020 में बिंदकी कोतवाली में दो चोरी के मुकदमे, बिंदकी में एक गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। शिवगोपाल के गैंग का अनिल सदस्य है। दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं। सुरेंद्र उर्फ कैदी पर बिंदकी में चोरी के दो मुकदमे, सदर कोतवाली 2011 में चोरी के प्रयास का मुकदमा है।
गुमराह करने के लिए बावरिया अंदाज
बदमाशों ने घरों में घुसते ही परिवार के सदस्यों को जान से मारने की नीयत से हमला किया। डकैती में शिक्षक की हत्या कर दी थी। दूसरी वारदात चांदमारी में परिवार को मरणासन्न हाल में छोड़ गए। बदमाशों ने कबूला कि वह वारदात बावरिया अंदाज में करते हैं, ताकि पुलिस घटनाओं में बावरिया गिरोह का हाथ माने।
एसटीएफ को भेजे आरोपियों के नंबर
एसटीएफ 15 माह पहले अमौली कस्बे में सर्राफा की दुकान से 70 लाख की चोरी की जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का अमौली चोरी में हाथ हो सकता है। इनके मोबाइल नंबर और सीडीआर एसटीएफ को भेजी गई है।