Kanpur: लूट व हत्या के चार दोषियों को उम्रकैद, 20 साल पहले हुई थी वारदात, 52 हजार का जुर्माना भी लगाया
Kanpur News: 20 साल पहले जनरलगंज के व्यापारी से आचार्य नगर में लूटपाट व हत्या हुई थी। मामले में कोर्ट ने चार दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही, कुल 52 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।
विस्तार
कानपुर में जनरलगंज के व्यापारी से लूटपाट कर हत्या करने के 20 साल पुराने मुकदमे में फास्ट ट्रैक कोर्ट 52 के न्यायाधीश राहुल सिंह ने चार दोषियों को उम्रकैद और कुल 52 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। लूटपाट व हत्या के तीन दोषियों पर अलग-अलग 15500 रुपये और लूट का माल रखने व सबूत मिटाने के एक दोषी पर 5500 रुपये जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार जनरलगंज से दुकान बंद कर सुभाष चंद्र गुप्ता अपने बेटे सोमित, भतीजे संजीव और सुधीर के साथ 11 जुलाई 2005 की रात लगभग नौ बजे घर वापस लौट रहे थे। एक मोटरसाइकिल पर सोमित सवार था। एक स्कूटर पर सुभाष थे और एक मोटरसाकिल पर संजीव और सुधीर सवार थे। सुधीर के हाथ में एक थैला था जिसमें दुकान की बिक्री का लगभग एक लाख रुपया था।
पांच लोगों ने हत्या कर लूट लिए थे रुपये
जैसे ही यह लोग आचार्यनगर स्थित कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय के पास दो स्कूटर व एक मोटरसाइकिल सवार पांच लोगों ने हत्या कर रुपये लूट लिए थे। सोमित की तहरीर पर रायपुरवा थाने में कसाई मंडी निवासी नफीस, रायपुरवा के राखी मंडी निवासी रियाज कबाड़ी उर्फ रिजवान, बगाही निवासी संतोष कुमार, मुंशी पुरवा निवासी रंजीत कुमार व मुर्गा बाजार निवासी चांद के खिलाफ लूटपाट व हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
