Farrukhabad: तालाब में नहाने गए भाई-बहन सहित पांच डूबे, छात्र की मौत...चार को ग्रामीणों ने बचाया
Farrukhabad News: पांचों बच्चे तालाब के अंदर घुसकर नहा रहे थे। तभी गहरे पानी में जाने से सभी डूबने लगे। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के संकिसा कस्बे में तालाब में नहाने गए भाई-बहन सहित पांच बच्चे गहरे पानी में डूब गए। शोर सुनकर ग्रामीणों ने बहन सहित चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एक घंटे बाद भाई का शव बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर परौली निवासी कैलाश चंद्र कश्यप का पुत्र शिवराज सिंह(12) गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। वह शुक्रवार को लगभग 11 बजे बहन सुधा व गांव के नीशू, कल्लू, जोगेंद्र के साथ गांव के आधा किलोमीटर दूर तालाब पर नहाने गए।
पांचों बच्चे तालाब के अंदर घुसकर नहा रहे थे। तभी गहरे पानी में जाने से सभी डूबने लगे। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने सुधा, नीशू, कल्लू, जोगेंद्र को सकुशल बाहर निकाल किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
एक घंटे तक तलाश करने पर शिवराज का शव मिला। सूचना पर पहुंचे पिता कैलाश, मां सवित्री देवी, भाई अवनीश, राधेश्याम, सीताराम, प्रशांत, बहन देवकी व सुधा का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।