फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Fire on Delhi-Howrah track, Trains stopped for 55 minutes, controlled with drain water and sticks, investigati

दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर आग: 55 मिनट तक रुकी रहीं ट्रेनें, नाली के पानी और लाठी-डंडों से पाया काबू, जांच शुरू

Tue, 09 Apr 2024 04:31 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: हिमांशु अवस्थी Updated Tue, 09 Apr 2024 04:31 AM IST
सार

Kanpur News: दादानगर में रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में भीषण आग लग गई, जिससे दिल्ली-हावड़ा रूट 55 मिनट तक ठप रहा। फायरब्रिगेड, आरपीएफ, आर्डनेंस फैक्ट्री समेत कई इकाइयों के कर्मचारियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।

विज्ञापन
Fire on Delhi-Howrah track, Trains stopped for 55 minutes, controlled with drain water and sticks, investigati
दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर आग - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कानपुर के दादानगर में रेलवे पटरी के किनारे खड़ीं बड़ी-बड़ी झाड़ियों में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। चारों पटरियां लपटों से घिर गईं, तो दिल्ली-हावड़ा रूट ठप हो गया। करीब 55 मिनट तक ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। आधा दर्जन से अधिक यात्री गाड़ियों के अलावा मालगाड़ियों को सेंट्रल स्टेशन के आउटर और जूही यार्ड के पास रोक दिया गया।

विज्ञापन

कुछ देर के लिए आग हल्की हुई, तो एक ट्रेन वहां से गुजारी गई। इसी बीच हवा चलने से आग फिर से भड़क उठी। ट्रेन लपटों के नजदीक से गुजरी तो यात्रियों में हड़कंप मच गया। फायरब्रिगेड, आरपीएफ, आर्डनेंस फैक्ट्री समेत कई इकाइयों के कर्मचारियों ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। आरपीएफ और रेलवे ने आग लगने की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

दादानगर पुल और रफाका नाले के बीच ट्रैक किनारे झाड़ियों में दोपहर करीब 2:50 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। रेलवे के ट्रैकमैन ने कंट्रोल रूम को आग की सूचना दी। इस पर सेंट्रल से दिल्ली जाने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को सेंट्रल स्टेशन के आउटर और जूही यार्ड के पास रोका गया।

मालगाड़ियों का जीएमसी के पास रोका गया
इसमें जोधपुर हावड़ा, नार्थ ईस्ट, नेताजी एक्सप्रेस, अजमेर सियालदह, मुरी एक्सप्रेस आदि शामिल हैं। कुछ मालगाड़ियों का जीएमसी के पास रोका गया। वहीं, दिल्ली की ओर से आने वाली कुछ ट्रेनों को पनकी धाम स्टेशन से पहले रोका गया। सूचना के कुछ ही देर बाद फायरब्रिगेड की कई गाड़ियां, आरपीएफ इंस्पेक्टर सत्येंद्र यादव और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

विज्ञापन

करीब 55 मिनट की देरी से ट्रेनें रवाना हुईं
आरपीएफ इंस्पेक्टर सत्येंद्र यादव ने बताया कि आग रेलवे के खंभा नंबर 1023-12ए के पास झाड़ियों में लगी थी। करीब एक घंटे बाद बुझा ली गई। किसी तरह की कोई अनहोनी नहीं हुई है। सेंट्रल स्टेशन के अधीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि आधा दर्जन ट्रेनों को एहतियातन आउटर पर रुकवाया गया। करीब 55 मिनट की देरी से ट्रेनें रवाना हुईं।

नाली के पानी और लाठी-डंडों से बुझाई आग
फायरब्रिगेड, आरपीएफ, रेलवे कर्मियों के साथ ही स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मियों ने भी तत्परता दिखाई। आग काफी बड़े क्षेत्र को चपेट में ले सकती थी। दादानगर क्षेत्र में कई औद्योगिक इकाइयां हैं, जिसको देखते हुए लोगों को जो भी संसाधन मिले, उनसे बुझाने लगे। लाठी-डंडे और नाली के पानी का उपयोग किया। हवा की वजह से आग करीब ढाई सौ मीटर तक पहुंच गई थी।

आग देखने के लिए खड़े हो गए लोग, दादानगर पुल एक घंटे जाम
ट्रैक के किनारे झाड़ियों में लगी आग और धुएं के गुबार को देख लोग दादानगर पुल पर रुकते चले गए। राहगीरों के बीच ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। इससे पुल पर वाहनों और लोगों का जमावड़ा लग गया। इसके चलते पुल लंबा जाम लग गया। इस बीच कुछ वाहन सवारों ने उल्टी दिशा में बढ़ने का प्रयास किया।

एक घंटे के बाद सुचारू हो सका ट्रैफिक
इससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। जाम की सूचना पर पुलिस और ट्रैफिक स्टाफ मौके पर पहुंचा। सबसे पहले शास्त्रीचौक से दादानगर पुल की ओर आने वाले वाहनों को चावला मार्केट की ओर डायवर्ट कराया। इसके बाद पुल पर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया। करीब एक घंटे के बाद ट्रैफिक सुचारू हो सका।

ट्रैक से पांच मीटर तक काटी जाती हैं झाड़ियां
उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल में झाड़ियां काटने का काम जारी है। यह समय-समय पर होता है। रेलवे ट्रैक से पांच मीटर तक झाड़ी-झंखाड़ को हटाने का नियम है। दादानगर पुल के पास जिन झाड़ियों में आग लगी है, वे ट्रैक से पांच मीटर दूर हैं। यह घटना किसी शरारती तत्व ने की है।

दिल्ली-हावड़ा ट्रैक के किनारे झाड़ियों में आग लगने की वजह से एहतियातन ट्रेनों को आउटर पर रोका गया। झाड़ियों को हटवाने का काम लगातार होता रहता है। आग लगने की घटना की आरपीएफ से जांच कराई जा रही है।  -आशुतोष सिंह, डिप्टी सीटीएम रेलवे

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed