Hamirpur News: गैस सिलिंडर में रिसाव से लगी आग, 12 लोग झुलसे और चार की हालत गंभीर
कोतवाली क्षेत्र में महिला की मौत पर शुद्धता के दौरान खाना बनाते समय हादसा हुआ। इसमें रिसाव के चलते सिलिंडर में भीषण आग लग गई, जिससे 12 लोग झुलस गए।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के मुगलपुरा मोहल्ला में महिला की मौत के बाद शुद्धता कार्यक्रम के दौरान खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में रिसाव से आग लग गई। जिसमें 12 लोग झुलस गए। चार को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज सैफई रेफर किया गया।
एसपी शुभम पटेल, एसडीएम पवन प्रकाश पाठक व भाजपा नेता भरत अनुरागी ने झुलसे लोगों का हाल लिया। वहीं जिलाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण ने सीएचसी अधीक्षक से बात कर बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए हैं। मुगलपुरा मोहल्ला चौपरा गेट के आनंद कुमार साहू ने बताया गुरुवार को उनकी मां किशोरी देवी (87) का निधन हो गया था।
शुक्रवार को शुद्धता थी, जिसमें परिवार व संबंधियों के लिए शाम करीब चार बजे घर के आंगन में खाना बन रहा था। परिवार के सदस्य भोजन की व्यवस्था में जुटे थे। गैस सिलिंडर खत्म होने पर दूसरा बदला। बताया दूसरा सिलेंडर लीकेज था, जिसने आंगन में गैस फैल गई।
वहीं, पास में जल रहे दीपक से आग पकड़ ली। परिजनों ने लीकेज सिलिंडर को सड़क किनारे नाली में फेंक दिया। आसपास फैली गैस के आग पकड़ने पर आनंद कुमार (65), ओमकार (11), प्रकाशचंद्र (60), आयुष (15), अर्पित (20), जगतनारायण (50), राजदीप (25), उर्मिला (57), वीर (30), प्रीती (38) व श्यामबिहारी (55) झुलस गए।
सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने ओमकार, प्रकाशचंद्र, आयुष व फूलादेवी को मेडिकल कालेज सैफई रेफर किया। वहीं गैस एजेंसी के कर्मचारियों, कोतवाली पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने सिलिंडर को नाली से निकाल जांच पड़ताल की।
डेढ़ माह पूर्व झुलस चुके हैं 22 लोग
लींगा गांव में अर्जुन अहिरवार के यहां 14 दिसंबर को शादी के भोज के दौरान खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रिसाव से आग लग गई थी। इसमें 7 बच्चों सहित 22 लोग झुलस गए थे। आठ लोगों को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज उरई रेफर किया गया था। डेढ़ माह में गैस सिलिंडर के रिसाव से लोगों के झुलसने की यह दूसरी घटना है।