Mahoba: रुपये न देने पर बेटे को पीटा, फिर ट्रेन से कटकर अधेड़ी ने दी जान, पुलिस जांच में जुटी
कबरई थाना क्षेत्र में 57 वर्षीय अधेड़ ने ट्रेन से कटकर जान दे दी है। मृतक की पहचान नत्थूपाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मृतक नशे का आदी था और पैसे न मिलने पर बेटे से मारपीट की थी।
विस्तार
महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में नशे की लत पूरी करने के लिए रुपये न देने पर बेटे की मारपीट करने के बाद अधेड़ ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
कस्बे के विशालनगर निवासी नत्थूपाल (57) ट्रक चालक था। नशे का लती होने के चलते उसे एक साल से ट्रक चलाना भी बंद कर दिया था। शनिवार की देर शाम नत्थूपाल ने घर पहुंच पुत्र विक्कू से रुपये की मांग की। रुपये न देने पर उसने मारपीट कर दी।
इसके बाद परिजनों ने बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया और नत्थू अपने कमरे में लेट गया। रविवार की सुबह किसी को कुछ बताए बिना ही वह घर से निकल गया और झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रेक में रेलवे स्टेशन कबरई के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के पुत्र विक्कू ने बताया कि नशे के लिए पिता पैसे की मांग करते थे। नशा पूरा न होने के चलते उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। दस बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता ने जान दे दी है। घटना से मृतक के तीन पुत्रों व बेटी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां राजकुमारी की तीन साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। अब पिता की मौत होने से चार बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है घटना की जांच कराई जा रही है।