Fatehpur: मौरंग लदे ट्रैक्टर ने 11 हजार वोल्ट के पोल को मारी टक्कर; बाल-बाल बचा चालक, आधे शहर की बत्ती गुल
Fatehpur News: असोथर में मौरंग लदे ट्रैक्टर ने 11 हजार वोल्ट के खंभे को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। चालक को अस्पताल भेजा गया है और बिजली विभाग पोल ठीक करने में जुटा है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में ओवरलोड मौरंग लदे ट्रैक्टर ने बुधवार रात सड़क किनारे लगे 11,000 वोल्ट बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। खंभा टूटने के कारण पूरे क्षेत्र की बिजली कट गई।
गनीमत रही कि पलटने के बाद बिजली का तार चालक या ट्रैक्टर के संपर्क में नहीं आया। चालक रोहित निवासी मनावा जो कि मौरंग लेकर आ रहा था। पुत्तू बाबा डेरा असोथर के पास डंपर की लाइट लगने से अनियंत्रित होकर 11 हजार विद्युत पोल से टकरा गया। घटना करीब दो बजे रात की है।
किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई
पोल टूटने से टाउन के प्रताप नगर झाल तिराहा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित है। जेई राजकुमार गुप्ता ने बताया कि बालू लदे ट्रैक्टर से 11 हजार लाइन का पोल टूट गया है। सूचना पर बिजली आपूर्ति बंद करवाकर मौके पर टीम भेज पोल और लाइन बनवाई जा रही है। थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेज दिया गया है। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।