Fatehpur: बतख पकड़ने पहुंचे बदमाशों ने भतीजे को पीटा, चाचा को मारी गोली…गंभीर हालत में कानपुर रेफर, जांच शुरू
Fatehpur News: फतेहपुर की मेवली झील पर बतख पकड़ने से मना करने पर दबंगों ने युवक को गोली मार दी। घायल को लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस नामजद मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में बतख पकड़ने के विरोध पर बदमाशों ने मंगलवार रात भतीजे को पीटकर चाचा को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनऊ में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रतापगढ़ जिला रानीगंज थाना क्षेत्र के दमदम निवासी डब्लू सोनकर ने बताया कि वह मेवली स्थित झील में परिवार के साथ बतख पालन करता है।
वह रात को चाचा महेश कुमार (40) के साथ झील किनारे झोपड़ी में रखवाली को मौजूद था। करीब रात साढ़े 12 बजे बरौहां गांव का मनोज उर्फ मालिक 10–12 साथियों संग मौके पर पहुंचा और बतख पकड़ाने लगा। मना करने पर उसे गाली-गलौज कर पीटा। बीच-बचाव में चाचा महेश पहुंचे। इसी दौरान मनोज उर्फ मालिक ने चाचा पर तमंचे से गोली चला दी। गोली सीने में लगने से चाचा घायल होकर गिर पड़े।
गंभीर देखकर डॉक्टर ने कानपुर रेफर किया
हमलावर मौके से भाग निकले। उसने डायल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉक्टर कानपुर रेफर किया है। कानपुर से लखनऊ रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि एक नामजद व कुछ अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।