Fatehpur: फ्यूज बांधने पोल पर चढ़े संविदाकर्मी की करंट से मौत, अचानक आग लगने से झुलसकर नीचे गिरा, परिजन बेहाल
Fatehpur News: चौडगरा-बिंदकी मार्ग पर फ्यूज बांधते समय संविदाकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कार्य के दौरान लाइन अचानक कैसे चालू हुई।
विस्तार
फतेहपुर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को बिजली लाइन ठीक करने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। चौडगरा-बिंदकी मार्ग पर स्थित तेंदुली फीडर में काम कर रहे संविदाकर्मी नोखेलाल (40) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मौहार निवासी नोखेलाल विद्युत विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत थे। वह चौडगरा-बिंदकी मार्ग पर तेंदुली फीडर के पास एक पोल पर फ्यूज बांधने के लिए चढ़े थे। पोल पर काम करते समय अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे जोरदार चिंगारी निकली और आग लग गई।
जांच में जुटी पुलिस
करंट के झटके और आग की लपटों से झुलसकर नोखेलाल पोल से सीधे नीचे जमीन पर आ गिरे। जमीन पर गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में विभाग के प्रति भारी रोष है। सूचना मिलते ही कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।