सुलझी गुत्थी: सौम्या है सकुशल...कानपुर देहात की इनायत का था शव, परिजनों में जमकर हुई नोकझोंक, पढ़ें पूरा मामला
Fatehpur Accident News: फतेहपुर में ऑटो सवारों के लिए टैंकर यमदूत बनकर गुजरा। टैंकर की टक्कर से ऑटो सवार 10 लोगों की जान चली गई। इसमें एक बच्ची की गलत शिनाख्त हो गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम के वक्त देर रात हुआ, तब दोनों के परिजनों में नोकझोंक भी हुई।
विस्तार
फतेहपुर जिले में जहानाबाद सड़क हादसे में इटावा निवासी परिजनों ने तीन साल की बच्ची के शव की शिनाख्त सौम्या के रूप में की थी। वह कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र की इनायत निकली। सौम्या अपनी ननिहाल में सकुशल पाई गई। यह खुलासा उस वक्त हुआ, जब पुलिस बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी।
तभी सौम्या व इनायत के परिजन आमने-सामने हो गए। उनके बीच नोकझोंक भी हुई। जहानाबाद थाना क्षेत्र हाईवे के चिल्ली मोड़ पर मंगलवार दोपहर दूध के टैंकर की टक्कर से ऑटो सवार 10 लोगों की मौत हुई थी। चालक हादसे के बाद फतेहपुर कानपुर सीमा के पहले टैंकर छोड़कर भाग निकला।
इनमें इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना बंगाली कॉलोनी निवासी सौम्या के पिता अनिल, मां यशोदा, भाई लव (छह माह), बहन पल्लवी व नाना अशर्फीलाल के अलावा घाटमपुर के ऑटो चालक अर्जुन सैनी, कानपुर देहात गजनेर निवासी फरहान और उसकी पत्नी शहनाज व पुत्री इनायत के शवों की शिनाख्त हुई।
एक व्यक्ति की नहीं हुई है शिनाख्त
करीब 40 साल के एक व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। मृतक अनिल के भाई राजेश ने हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर इनायत की पहचान अनिल की दूसरी पुत्री सौम्या के रूप में कर दी थी। तब तक गजनेर से परिवार के लोग पहचान करने नहीं आ सके थे।
फिर पुलिस उलझन में पड़ गई
पुलिस ने राजेश की शिनाख्त के आधार पर सौम्या का पंचनामा भी भर दिया था। रात करीब 10 बजे गजनेर से मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और इनायत का शव गायब करने का आरोप लगाने लगे। पुलिस उलझन में पड़ गई। अनिल के परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की गई।
थानाध्यक्ष बोले- गलत हुई थी पहचान
तब पता चला कि सौम्या तो अपने ननिहाल मूसानगर में सकुशल है। इसके बाद पुलिस ने सौम्या के बजाय इनायत के नाम से नया पंचनामा भरा। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कटियार ने बताया कि परिजनों ने शिनाख्त गलत की थी। इसी वजह से भ्रामक स्थित पैदा हुई है।
रेफर लेटर और एफआईआर में भी सौम्या का नाम
हादसे के बाद संशय की गजब स्थिति बनी हुई है। सीएचसी में डॉक्टर ने सौम्या और उसके नाना को रेफर किया। इनके रेफर लेटर को भी परिवार के शिवा ने प्राप्त किया। इसके बाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में भी सौम्या को घायल दिखाया गया, जबकि मौके से सौम्या की जगह पल्लवी को रेफर किया गया।
अनाथ हो गईं अनिल की तीनों बेटियां
हादसे में दिवंगत अनिल, यशोदा के कुल पांच बच्चे थे। हादसे में पल्लवी और छह माह के लव की मौत हो गई। फतेहपुर पोस्टमार्टम हाउस से लव और कानपुर से पल्लवी का शव इटावा पहुंचे। परिजनों ने यमुना किनारे अनिल और यशोदा के शवों को मुखाग्नि दी। लव और पल्लवी के शवों को दफन किया।
दूसरे दिन भी नहीं हो सकी एक शव की शिनाख्त
हादसे में जान गंवाने वाले करीब 40 वर्षीय युवक की दूसरे दिन भी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस युवक को कानपुर या कानपुर देहात का होना मान रही है। पुलिस ने मृतक का फोटो कानपुर और कानपुर देहात के थानों में भेजा है।