Farrukhabad: बाढ़ में डूबकर छह साल की बच्ची की मौत, दुकान से सामान लेने गई थी
यूपी के फर्रुखाबाद में दुकान से सामान लेने गई बच्ची की बाढ़ में डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में गंगा में आई बाढ़ जानलेवा होने लगी है। दुकान से सामान लेने गई एक बच्ची गहरे पानी में डूब गई। इससे उसकी मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं, शमसाबाद क्षेत्र में चारा लेने गई मां-बेटी समेत पांच लोग डूबने लगे। आसपास के लोगों ने डूबते देख छलांग लगाकर पांचों को बचा लिया।
मऊदरवाजा थाने के गांव कटरी धर्मपुर में बाढ़ का पानी भरा है। गांव के वीरपाल राजपूत की बेटी राधिका (6) मंगलवार दोपहर घर से कुछ दूर स्थित दुकान से सामान लेने गई थी। गली में गहरे पानी का उसे आभास नहीं था, लिहाजा वह डूब गई। लोगों ने पानी में खोजबीन की तो उसका शव भी मिल गया। इसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। राधिका आठ भाई-बहनों में सातवें नंबर की थी। मां छोटी बिटिया व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन ट्रैक्टर-ट्राॅली से शव लेकर चले गए।
वहीं दूसरी ओर, शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार गांव कटरी तौफीक निवासी नेकराम की पत्नी सुखदेवी अपनी पुत्री जयंती (10), गांव के असेंद्र (11) पुत्र रामसेवक अर्पित (9) पुत्र रामसेवक, सरवन (9) पुत्र अर्जुन के साथ बैलगाड़ी से तेजापुर गांव जानवरों के लिए चारा लेने जा रही थी। गांव झौआ और कटरी तौफीक के बीच में सड़क पर पानी होने से बैलगाड़ी को खंदक की ओर ले गए। इससे बैलगाड़ी पलट गई, जिसमें पांचों सवार गाड़ी में दब गए और बैलगाड़ी तेज बहाव में 100 मीटर दूर चली गई। सड़क पर घूम रहे झौआ गांव के प्रवीण कुमार, बलवीर, अवधेश कुमार, सचिन कुमार, सत्यवीर, विपिन कुमार ने डूबते देखा तो छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने पांचों लोगों को बचा लिया। बैलगाड़ी को ट्रैक्टर से खींचकर बाहर निकाला। सुखदेवी और जयंती की हालत गंभीर होने पर प्रधान देवेंद्र यादव ने बाइक से निजी अस्पताल पहुंचाया। कायमगंज तहसीलदार संतोष कुमार और दरोगा विशेष कुमार मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि सुखदेवी की हालत ठीक होने पर परिजन घर ले गए। कटरी तौफीक में दो नाव पहले से चल रही थीं। एक नाव और बढ़ा दी गई है। डूबे लोगों की हालत ठीक है।