Farrukhabad: स्कूल बस की टक्कर से बालिका की मौत, भाई के साथ जा रही थी घर, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
Farrukhabad News: थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया की दुर्घटना करने वाली स्कूल बस के चालक को हिरासत में ले लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र में स्कूल बस की टक्कर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठी बालिका उछलकर बस के नीचे आ गई। बालिका के ऊपर से पहिया निकलने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जाम लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने लगने नहीं दिया।
जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर के गांव भैसराना निवासी छोटेलाल का पुत्र नितेश अपनी बहन रिया (12) के साथ बुधवार सुबह कायमगंज में रहने वाली बड़ी बहन के यहां बाइक से जा रहा था। कंपिल थाना क्षेत्र के रुदायन रोड पर गांव मानिकपुर के पास पीछे से स्कूल बस ने ओवरटेक करते समय बाइक में टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठी रिया उछलकर बस के नीचे आ गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बस का पहिया उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नितेश बाल-बाल बच गया। आसपास के लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बस समेत चालक को हिरासत में ले लिया। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समझाकर जाम नहीं लगाने दिया। बालिका छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बस बीएचएल स्कूल की बताई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा।