फर्रुखाबाद: 50 फीट गहरे कुएं में गिरी छात्रा, ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ उतरे सिपाही, तीन घंटे बाद पुलिस ने निकाला
Farrukhabad News: कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से लौट रही पांच वर्षीय छात्रा अचानक 50 फीट गहरे पुराने सूखे कुएं में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिसकर्मी मनोज ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और बच्ची को सकुशल बाहर निकाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से वापस आते समय रसीदाबाद बल्लभ गांव में पांच वर्षीय छात्रा 50 फीट गहरे कुएं में गिर गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी मनोज ने कुएं में उतरकर छात्रा को सकुशल बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जहानपुर निवासी पवन कुमार सिंह की पुत्री सौम्या अपनी बड़ी बहन अनन्या (11) के साथ रसीदाबाद बल्लभ स्थित प्राथमिक विद्यालय से घर लौट रही थी। रास्ते में दिनेश के घर के पास चबूतरे पर दोनों बहनें झूला झूलने के लिए चढ़ीं। सौम्या कुएं पर रखी पटिया का सहारा लेकर चढ़ी तो पटिया टूट गई। इससे वह कुएं में जा गिरी।
करीब 100 वर्ष पुराना बताया जा रहा है कुआं
अनन्या की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एसडीएम अभिषेक वर्मा, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और सीएचसी से स्वास्थ्य टीम भी पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सिपाही मनोज आक्सीजन सिलिंडर लेकर रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और सौम्या को बाहर निकाला। कुआं करीब 100 वर्ष पुराना बताया जा रहा है, लेकिन पानी नहीं है।
ऑक्सीजन देने के बाद लोहिया अस्पताल भेजा
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार और डॉ. अमरेश कुमार ने छात्रा की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत ठीक थी। उसे ऑक्सीजन देने के बाद लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। सौम्या के पिता दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिजन ने उन्हें सूचना दे दी है। मां सपना बुरी तरह बिलख रही थीं। सौम्या की बहन अनन्या, लावन्या और एक भाई शिवा है।
भीड़ हटाने को लेकर फौजी और सिपाही में हाथापाई
बचाव अभियान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मी भीड़ को हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक फौजी सिपाही से भिड़ गया। दोनों के बीच हाथापाई हो गई। अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।