Fatehpur Murder: कॉलोनी के बाहर सो रहे किसान की डंडे से पीटकर हत्या, मिट्टी खनन माफियाओं का किया था विरोध
Fatehpur News: बकेवर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सुबह परिजनों ने रक्तरंजित शव बरामदे में पड़ा देखा। बताया जा रहा है कि मृतक ने खनन माफियाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
विस्तार
फतेहपुर जिले में कॉलोनी के बाहर सो रहे किसान की शनिवार रात डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। परिवार की रंजिश नहीं बताई जा रही है। किसान ने मिट्टी खनन माफिया के खिलाफ एक माह पहले शिकायत की थी। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया घटना की खुलासे को टीम गठित की गई है।
हर पहलू की जांच की जा रही है। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ीपुर निवासी कल्लू पाल (65) के तीन बेटे हैं। बेटे परिवार समेत गांव के अंदर बने घरों में रहते हैं। कल्लू पाल को गांव के बाहर आवास मिला था। वह आवासीय कॉलोनी में रहता था। वहीं, गुटखा पान मसाला की गुमटी का संचालन भी करता था।
परिवार के लोग रविवार सुबह कॉलोनी पहुंचे। कॉलोनी के बरामदे में कल्लू पाल का रक्तरंजित शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। बेटे अच्छेलाल ने बताया पारिवारिक कोई दुश्मनी नहीं है। पिता के खेत पर जबरन पिछले माह मिट्टी खनन किया गया था। इसकी पिता ने एसडीएम बिंदकी से शिकायत की थी।
अगल-बगल के खेत पर खनन का परमीशन ले रखा है
शिकायत के बाद लेखपाल ने जांच रिपोर्ट भी दी थी। खनन माफिया ने अगल-बगल के खेत पर खनन का परमीशन ले रखा है। जबरन उनके खेतों से मिट्टी खनन किया है। इसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।